धूमधाम से हुई हनुमान जी की प्राण-प्रतिष्ठा, भव्य शोभायात्रा और भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
डिंडोरी।
कस्बा शाहपुर के बनवासी मोहल्ला, हनुमानताल के किनारे स्थित नवनिर्मित मंदिर में बजरंगबली हनुमान जी की भव्य प्रतिमा की विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर पूरा क्षेत्र श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया।
प्रातःकाल से ही यज्ञ मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार प्रारंभ हो गया था। आचार्य पंडित रामायण गौतम (वृंदावन धाम) एवं पंडित राधेश्याम चतुर्वेदी के नेतृत्व में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और अनुष्ठान किए गए। प्राण-प्रतिष्ठा से पूर्व हनुमान जी की प्रतिमा को फूलों, ध्वजाओं और आकर्षक साज-सज्जा के साथ रथ पर विराजमान कर कस्बे में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
नवनिर्मित मंदिर परिसर में आयोजित तीन दिवसीय यज्ञ का समापन पूर्णाहुति एवं हवन के साथ हुआ। शुभ मुहूर्त प्रातः 09:39 से 11:17 बजे के बीच विशेष मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमा में प्राणों का संचार किया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम के समापन पर कन्या भोज के पश्चात सभी भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और भक्तों ने इसे ऐतिहासिक व अविस्मरणीय क्षण बताया।