सोन घड़ियाल अभ्यारण्य में विदेशी मेहमानों की दस्तक, 34 भारतीय स्कीमर ने डाला डेरा

0 368

 

सीधी, 05 जनवरी 2026। सोन घड़ियाल अभ्यारण्य, सीधी में एक बार फिर प्रकृति का मनमोहक दृश्य देखने को मिल रहा है। चितरंगी परिक्षेत्र अंतर्गत सोन नदी के राज घाट एवं कुठली घाट क्षेत्र में दुर्लभ प्रवासी पक्षी भारतीय स्कीमर की आमद दर्ज की गई है। इस वर्ष कुल 34 भारतीय स्कीमर यहां देखे जा रहे हैं।

क्षेत्र संचालक संजय टाइगर रिजर्व, सीधी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय स्कीमर पहली बार 10 दिसंबर 2025 को दिखाई दिए। ये पक्षी सोन नदी के रेतीले तटों पर गड्ढे बनाकर अंडे देते हैं और जून के अंत तक यहीं प्रवास करते हैं। इसके बाद ये श्रीलंका, बांग्लादेश और चीन जैसे देशों की ओर प्रस्थान करते हैं।

भारतीय स्कीमर का प्रजनन काल फरवरी से मई तक रहता है। मादा एक बार में 2 से 5 अंडे देती है। नर और मादा दोनों मिलकर अंडों को सेते हैं तथा तेज धूप से बचाव के लिए उन्हें बार-बार पानी से गीला करते हैं। 21 से 24 दिनों में अंडों से चूजे निकलते हैं। बच्चों के पालन-पोषण में नर स्कीमर की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, जो मछलियों का शिकार कर उन्हें भोजन उपलब्ध कराता है।

भारतीय स्कीमर की लंबाई लगभग 40 से 43 सेंटीमीटर होती है। इसकी खास पहचान इसका लंबा निचला जबड़ा है, जिसकी मदद से यह नदी की सतह के करीब उड़ते हुए मछलियों और कीटों का शिकार करता है।

क्षेत्र संचालक के मार्गदर्शन में उप संचालक के निर्देशन पर परिक्षेत्राधिकारी चतुर सिंह, परिक्षेत्र सहायक फूलवती सिंह तथा बीटगार्ड रामसरोज मिश्रा द्वारा इन दुर्लभ पक्षियों की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि उनके प्रजनन और संरक्षण में कोई व्यवधान न हो।

भारतीय स्कीमर की मौजूदगी सोन घड़ियाल अभ्यारण्य की समृद्ध जैव विविधता को दर्शाती है और यह क्षेत्र पक्षी प्रेमियों एवं प्रकृति शोधकर्ताओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment