सीधी–सिंगरौली एनएच-39: अपूर्ण संरचनाओं के स्ट्रक्चर ऑडिट का सांसद डॉ. मिश्रा ने किया स्थलीय निरीक्षण

विशेषज्ञ टीम के साथ कर्थुआ में नौआ नाला स्थल पर पहुँचे, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
सीधी।
सीधी–सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर निर्माणाधीन एवं अपूर्ण प्रमुख संरचनाओं की मजबूती, गुणवत्ता और कार्यात्मक उपयुक्तता का आकलन तेज़ी से जारी है। इस कार्य हेतु आईआईटी (बीएचयू) वाराणसी के वरिष्ठ विशेषज्ञ प्रो. के. के. पाठक के नेतृत्व में 4–5 सदस्यीय टीम पिछले दो दिनों से क्षेत्र में संरचनात्मक ऑडिट कर रही है। टीम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सड़क और उससे जुड़ी संरचनाएँ दीर्घकालिक रूप से सुरक्षित एवं उपयोगी रहें।
इसी क्रम में सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा आज कर्थुआ क्षेत्र पहुँचे, जहाँ उन्होंने दिल्ली से पहुँचे एनएचआई अधिकारियों एवं विशेषज्ञ टीम के साथ नौआ नाला स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। सांसद डॉ. मिश्रा ने स्थल पर मौजूद अधिकारियों से विस्तारपूर्वक जानकारी ली और निरीक्षण कार्य में प्रत्यक्ष रूप से सम्मिलित होकर प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संरचनात्मक ऑडिट और मरम्मत/सुदृढ़ीकरण से जुड़े सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से संपन्न हों, ताकि आगामी दिनों में आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने आश्वस्त किया कि आवश्यक सहयोग एवं सुविधा जिला प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियों द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर कर्थुआ मंडल अध्यक्ष श्री आशीष धर दुबे, श्री सीतल गुप्ता, डॉ. मनोज सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।