बीएलओ नौढ़िया अनामिका गुप्ता पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी
निर्वाचन कार्य में लापरवाही, निर्धारित समय पर जवाब नहीं देने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
सीधी | 27 दिसम्बर 2025
विधानसभा क्षेत्र-77 सीधी के रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्राथमिक शिक्षक एवं बीएलओ अनामिका गुप्ता, शासकीय प्राथमिक शाला नौढ़िया पश्चिम टोला को निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।
रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के अनुसार मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 का कार्य प्रगति पर है। इस संबंध में 16 दिसम्बर 2025 को अनामिका गुप्ता को मतदान केन्द्र क्रमांक 201 नौढ़िया का बीएलओ नियुक्त किया गया था, जो अब पुनर्गठन उपरांत मतदान केन्द्र क्रमांक 219 नौढ़िया हो गया है।
आदेश जारी होने के बाद आज दिनांक तक बीएलओ न तो निर्वाचन पोर्टल पर उपस्थित दर्ज कराई और न ही मतदान केन्द्र पर पहुंचकर कार्य किया। अधिकारी के अनुसार इससे स्पष्ट है कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध कार्य में गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण संबंधित मतदान केन्द्र का कार्य प्रभावित हुआ।
जारी नोटिस में यह भी उल्लेख है कि वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का पालन सुनिश्चित नहीं किया गया, जिसके परिणामस्वरूप विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत निर्वाचन कार्य प्रभावित हुआ।
बीएलओ अनामिका गुप्ता को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समयावधि में संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत करें, अन्यथा शिकायत एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सीधी को भेजा जाएगा। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बीएलओ अपने कृत्यों के लिए स्वयं उत्तरदायी होंगी।