निर्वाचक नामावली विशेष गहन पुनरीक्षण 2026: जिले में प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन

दावे-आपत्तियाँ 23 दिसंबर से, अंतिम सूची 21 फरवरी 2026 को जारी होगी

0 407

 

सीधी, 23 दिसम्बर 2025।

भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में स्थित 1312 मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी सीधी के निर्देशन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई, जिसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, मीडिया एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जानकारी दी गई कि आमजन मतदान केंद्रों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालय एवं अन्य अभिहित स्थलों पर प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन कर अपने नाम की पुष्टि कर सकते हैं। यह सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर सर्च सुविधा के साथ उपलब्ध है। अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की सूची भी वेबसाइट तथा पंचायत/नगरीय निकायों के सूचना पटल पर प्रदर्शित की गई है।

गहन पुनरीक्षण के दौरान जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों में कुल 68,004 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए हैं, जिनमें मृत 15,050, अनुपस्थित 7,415, स्थानांतरित 39,720, दोहरी प्रविष्टि 5,443 एवं अन्य कारणों से 376 मतदाता शामिल हैं।

दावे-आपत्तियाँ प्रस्तुत करने की अवधि 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक निर्धारित है। वहीं 23 दिसंबर 2025 से 14 फरवरी 2026 तक नोटिस जारी करने एवं दावे-आपत्तियों के निराकरण की प्रक्रिया चलेगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा। सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को प्रारूप सूची की हार्ड कॉपी एवं सीडी (फोटो रहित) उपलब्ध कराई गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपील की कि छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने हेतु प्रपत्र-6, अयोग्य मतदाताओं के नाम हटाने हेतु प्रपत्र-7 तथा प्रविष्टि में सुधार के लिए प्रपत्र-8 का उपयोग कर आमजन सहयोग करें। विशेष रूप से 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का आह्वान किया गया।

बैठक में उपखंड अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला, भाजपा से अमित प्रधान, कांग्रेस से अखंड प्रताप सिंह, कम्युनिस्ट पार्टी से सुंदर सिंह बघेल, आप से साजन अग्रहरी, बसपा से शिव कुमार साकेत, जिला जनसंपर्क अधिकारी मुकेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment