पांढुर्णा में किसानों का सैलाब: नकुलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की ‘हुंकार’, कलेक्ट्रेट का घेराव

0 586

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ पांढुरना

 

पांढुर्णा। अन्नदाताओं के सम्मान में और सरकार की कथित किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ आज पांढुर्णा की सड़कें जनसैलाब से पट गईं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित ‘विशाल किसान आक्रोश रैली’ ने सत्ता के गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। पूर्व सांसद नकुलनाथ, विधायक निलेश उईके और विधायक विजय चौरे के नेतृत्व में हजारों की संख्या में पहुंचे किसानों और कार्यकर्ताओं ने तीन शेर चौक से लेकर कलेक्ट्रेट तक जमकर नारेबाजी की।

मैदान में उतरे दिग्गज, सरकार पर बरसे नकुलनाथ

रैली को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद नकुलनाथ ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि किसान आज अपनी ही फसल बेचने के लिए दर-दर भटक रहा है। सभा के दौरान उन्होंने क्षेत्र में फलते-फूलते रेत और शराब माफियाओं को लेकर भी प्रशासन को आड़े हाथों लिया और चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन और उग्र होगा।

6 सूत्रीय मांगें: कपास से लेकर मुआवजे तक की लड़ाई

कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में किसानों की बदहाली दूर करने के लिए छह मुख्य मांगें रखी हैं:

कपास का दाम: ₹10,000 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य या ₹3,000 भावांतर भुगतान की मांग।

संतरा मुआवजा: मौसम की मार झेल रहे किसानों को महाराष्ट्र की तर्ज पर ₹22,000 प्रति हेक्टेयर राहत राशि।

मक्का खरीदी: MSP पर तत्काल सरकारी खरीदी शुरू करने का दबाव।

बिजली संकट: खेती के लिए 12 घंटे निर्बाध बिजली और 3 HP पंपों के बिजली बिल में सुधार।

खाद-बीज: समितियों में आधुनिक बीज और खाद की पर्याप्त उपलब्धता।

अवैध कारोबार पर नकेल: जुआ, सट्टा और अवैध उत्खनन पर तत्काल रोक।

ऐतिहासिक प्रदर्शन से गूंजा शहर

तीन शेर चौक से शुरू हुई यह रैली छत्रपति शिवाजी चौक होते हुए जब कलेक्ट्रेट पहुंची, तो वहां का नजारा देखते ही बनता था। चारों ओर कांग्रेस के झंडे और किसानों के आक्रोश के स्वर सुनाई दे रहे थे। जिला प्रभारी गंगाप्रसाद तिवारी और जिला अध्यक्ष जतन उईके सहित जिले के सभी विधायकों ने भी इस शक्ति प्रदर्शन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

कांग्रेस के इस आक्रामक रुख ने स्पष्ट कर दिया है कि आने वाले समय में वे किसानों के मुद्दों पर झुकने वाले नहीं हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment