रेलवे निर्माण की आड़ में 100 करोड़ से ज्यादा की रॉयल्टी चोरी

0 343

 

जनता की खुली लूट, कार्रवाई के नाम पर लीपापोती — राम चरण सोनी

सीधी।

रेलवे लाइन निर्माण की आड़ में हुए 100 करोड़ रुपये से अधिक की रॉयल्टी चोरी और अवैध खनन घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी ने जिला प्रशासन और रेलवे अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव राम चरण सोनी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यह मामला केवल भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि विंध्य और सीधी जिले की जनता के संसाधनों की खुली लूट है।

राम चरण सोनी ने कहा कि रेलवे संविदाकारों द्वारा “पटरी संरक्षण” जैसे बहानों के तहत बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया गया। न तो खनन की कोई अनुमति ली गई और न ही खनिज विभाग की रॉयल्टी शासन के खाते में जमा कराई गई। आम आदमी पार्टी द्वारा इस घोटाले को उजागर करने के बाद जिला कलेक्टर और जिला खनिज अधिकारी ने स्वयं रॉयल्टी चोरी की बात स्वीकार की, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई के नाम पर सिर्फ लीपापोती की जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध खनन से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचाया गया है और जिला प्रशासन, खनिज विभाग व रेलवे अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है। जब प्रशासन मूकदर्शक बना रहता है, तभी ऐसे घोटाले जन्म लेते हैं।

राम चरण सोनी ने बताया कि आज भी अवैध खनन जारी है। प्रतिदिन करीब 50 हाइवा और 15 पोकलेन मशीनें दिन-रात अवैध खनन में लगी हुई हैं। रोजाना लगभग 15 हजार क्यूबिक मीटर मिट्टी-मुरूम निकालकर रेलवे लाइन निर्माण और निजी स्थानों पर बेचा जा रहा है, जिससे प्रतिदिन 10 लाख रुपये से अधिक की रॉयल्टी चोरी हो रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि घोटाले की उच्च स्तरीय जांच, दोषियों की गिरफ्तारी, अवैध खनन में उपयोग मशीनरी-वाहनों की जब्ती और 100 करोड़ की वसूली पर 30 गुना जुर्माना (लगभग 3000 करोड़ रुपये) नहीं लगाया गया, तो आम आदमी पार्टी सीधी से भोपाल तक उग्र आंदोलन करेगी। जरूरत पड़ी तो पार्टी हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक जाएगी।

आम आदमी पार्टी की प्रमुख मांगें

पूरे घोटाले की सीबीआई/ईडी या न्यायिक जांच

दोषी अधिकारियों, ठेकेदारों और जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी

चोरी गई रॉयल्टी की रिकवरी और सार्वजनिक हिसाब

जिला प्रशासन और रेलवे अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच

आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ेगी और जनता के हक के लिए किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेगी।

 

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment