पांढुर्णा पुलिस का सघन रात्रि कॉम्बिंग ऑपरेशन: 11 वारंटी गिरफ्तार; सौंसर में 12 जुआरी पकड़े गए, ₹20,500 नकद जब्त

संवाददाता – निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ जिला पांढुरना
पांढुर्णा / 14 दिसंबर 2025। पांढुर्णा जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और फरार अपराधियों, वारंटियों तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से गत दिवस की मध्य रात्रि एक सघन रात्रि कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया गया। यह विशेष अभियान रात 12 बजे से प्रातः 05:00 बजे तक चला।
ऑपरेशन का नेतृत्व एवं विवरण
यह महत्वपूर्ण अभियान पुलिस अधीक्षक पांढुर्णा श्री सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीरज सोनी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पांढुर्णा–सौंसर श्री ब्रजेश भार्गव एवं श्रीमती प्रियंका पांडे के नेतृत्व में जिले के सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और पुलिस बल ने प्रभावी कार्रवाई की। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा एवंभ कानूनी प्रक्रिया का पूरा ध्यान रखा गया, साथ ही आकस्मिक व्यवस्था हेतु अस्पतालों से भी संपर्क स्थापित रखा गया।
कॉम्बिंग ऑपरेशन की मुख्य उपलब्धियाँ
पुलिस बल द्वारा की गई औचक रात्रि कार्रवाई के दौरान फरार आरोपियों और स्थाई वारंटियों की तामीली एवं गिरफ्तारी पर विशेष ध्यान दिया गया। अभियान की मुख्य उपलब्धियां निम्नलिखित हैं:
11 वारंटियों की गिरफ्तारी: इसमें 08 गिरफ्तारी वारंटी एवं 03 स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
अपराधियों की चेकिंग: 04 जिला बदर आरोपियों की चेकिंग की गई। इसके अतिरिक्त, 21 गुण्डा बदमाशों और 11 निगरानी बदमाशों की भी सघन चेकिंग की गई।
अन्य जांचें: जिले की 11 कबाड़ी दुकानों की जांच की गई और जेल से रिहा हुए आरोपियों की भी चेकिंग की गई।
सौंसर पुलिस की जुआरियों पर बड़ी कार्रवाई: 12 आरोपी गिरफ्तार
इसी क्रम में, जिला पांढुर्णा अन्तर्गत थाना सौसर पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु एक बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक श्री सुंदर सिंह कनेश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीरज सोनी के निर्देशों का पालन करते हुए, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सौसर श्रीमती प्रियंका पांडे के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी सौसर निरीक्षक रूपलाल उइके एवं उनकी टीम ने जुआ रेड कार्यवाही को अंजाम दिया।
मुखबिर की सूचना पर, वार्ड नं. 08 सौसर में शेखर रेकवार के घर के पीछे, ताश के पत्तों पर रुपयों का दाव लगाकर हार–जीत का खेल खेल रहे 12 जुआरियों को दबिश देकर घेराबंदी कर पकड़ा गया।
जब्ती: पुलिस ने जुआरियों से कुल नगदी ₹20,500 एवं 52 ताश के पत्ते जप्त किए।
पंजीकरण: सभी 12 आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शेखर पखाले, गणेश हेडाऊ, शिवा कुरोठे, शिवलाल सिगनदीपे, पवन गुर्वे, रूपेश सहारे, राजा धकाते, जयराज हेडाऊ, सुरेन्द्र नागोसे, संजय बोकडे, शुभम बेण्डे और अभिषेक हेडाऊ शामिल हैं।
इस सफल ऑपरेशन से पांढुर्णा पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में कानून व्यवस्था भंग करने वाली किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।