न्याय के क्षेत्र में हर व्यक्ति आजीवन विद्यार्थी – न्यायमूर्ति मनिंदर सिंह भट्टी

0 363

 

जबलपुर।

अभियोजन अधिकारियों, पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारियों की कार्यदक्षता एवं ज्ञान संवर्धन के उद्देश्य से “सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 एवं वन एवं वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 के अंतर्गत अपराधों के अन्वेषण एवं विचारण में अभियोजन की भूमिका” विषय पर एक दिवसीय संभाग स्तरीय कार्यशाला का आयोजन 14 दिसंबर 2025 को होटल विजन महल, मंडला रोड, जबलपुर में किया गया।

 

कार्यशाला के मुख्य अतिथि माननीय न्यायमूर्ति श्री मनिंदर सिंह भट्टी, उच्च न्यायालय जबलपुर रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि न्याय के क्षेत्र में हर व्यक्ति विद्यार्थी है, कोई भी पूर्ण नहीं होता और निरंतर सीखना ही सफलता की कुंजी है। इस प्रकार की कार्यशालाएं अभियोजन अधिकारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगी।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय न्यायमूर्ति श्री मनिंदर सिंह भट्टी, जिला कलेक्टर जबलपुर श्री राघवेंद्र सिंह, जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सचिन ज्योतिषी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आयुष गुप्ता द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

 

जिला कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने कहा कि अभियोजन अधिकारियों द्वारा न्यायालय में सशक्त प्रस्तुतीकरण से पीड़ितों को सरल, सुलभ एवं शीघ्र न्याय मिल सकेगा।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सचिन ज्योतिषी ने साइबर अपराध प्रकरणों में विवेचना सुधार एवं नवीन केस लॉ पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आयुष गुप्ता ने कहा कि पुलिस विवेचना में प्राप्त तथ्यों को सुदृढ़ दस्तावेजीकरण के साथ न्यायालय में प्रस्तुत किया जाना आवश्यक है, जिससे दोषसिद्धि की दर में वृद्धि हो सके।

 

कार्यशाला की अध्यक्षता उप संचालक अभियोजन श्री विजय कुमार उईके ने की। उन्होंने अभियोजन कार्य में आ रही चुनौतियों, उनके समाधान तथा ज्ञान एवं कौशल विकास पर प्रकाश डाला।

म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के उप सचिव श्री अनिरुद्ध जैन ने वन एवं वन्यजीव कानूनों में सक्षम प्राधिकारियों एवं अभियोजन की भूमिका पर विस्तृत व्याख्यान दिया।

 

कार्यशाला में छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिवनी, नरसिंहपुर, कटनी, मंडला, डिंडौरी एवं जबलपुर जिलों के लोक अभियोजक, अपर लोक अभियोजक एवं अभियोजन स्टाफ उपस्थित रहे।

महानिदेशक लोक अभियोजन भोपाल श्री बी.एल. प्रजापति के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला का सफल संचालन किया गया।

 

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी अतिथियों, व्याख्याताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। मंच संचालन विशेष लोक अभियोजक सुश्री सारिका यादव द्वारा किया गया।

 

 

–

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment