मदावरा में सड़क दुर्घटना के बाद बवाल, स्कूटी में तोड़फोड़, 15 मिनट बाद पहुँची पुलिस

ललितपुर ज़िले के मदावरा कस्बे में एमआरएफ टायर एजेंसी के पास स्कूटी और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार अहिरवार समाज के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने स्कूटी सवार के साथ जमकर गाली-गलौच की और आक्रोश में आकर उसकी स्कूटी में तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद करीब 15 मिनट तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही, जिससे राहगीरों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलने के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुँची, तब जाकर मामला शांत हो सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि मदावरा क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाएँ हो रही हैं, लेकिन प्रशासन और संबंधित अधिकारी इस ओर कोई गंभीर ध्यान नहीं दे रहे हैं। दुर्घटनाओं के बावजूद न तो ट्रैफिक व्यवस्था सुधारी जा रही है और न ही पुलिस की नियमित गश्त दिखाई देती है।
लगातार हो रही घटनाओं से मदावरा वासियों में भारी आक्रोश है। लोगों ने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जिला रिपोर्टर: प्रवीण जैन