पांढुर्णा में कांग्रेस 22 दिसंबर को विशाल किसान आक्रोश रैली निकालेगी; नकुलनाथ करेंगे नेतृत्व

0 494

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ जिला पांढुरना

 

पांढुर्णा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्र और राज्य सरकारों की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पांढुर्णा ने एक बड़ा आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है। कमेटी ने घोषणा की है कि 22 दिसंबर 2025, दिन सोमवार को दोपहर 12 बजे पांढुर्णा में एक विशाल किसान आक्रोश रैली आयोजित की जाएगी।

आयोजकों ने बताया कि किसान वर्तमान में समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी न होने और आर्थिक तंगी के कारण गहरे आक्रोश में हैं। इस रैली का नेतृत्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद माननीय नकुलनाथजी, पांढुर्णा विधायक निलेश उईके, और सौंसर विधायक विजय चौरे करेंगे। जिला प्रभारी गंगाप्रसादजी तिवारी और जिला अध्यक्ष श्री जतन उईकेजी भी इसमें उपस्थित रहेंगे।

यह आक्रोश रैली तीन शेर चौक से शुरू होकर छत्रपती शिवाजी चौक होते हुए कलेक्टर कार्यालय पांढुर्णा पहुँचेगी, जहाँ किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।

किसानों की प्रमुख माँगें:

रैली के माध्यम से कलेक्टर को सौंपे जाने वाले ज्ञापन में मुख्य रूप से छह बिन्दुओं पर तत्काल कार्रवाई की माँग की गई है:

कपास की समस्या: सीसीआई द्वारा कपास खरीदी तत्काल 10000 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर शुरू की जाए। यदि बाजार भाव कम रहे, तो किसानों को 3000 रुपये प्रति क्विंटल का भावांतर (मुआवजा) दिया जाए।

संतरा मुआवजा: पांढुर्णा क्षेत्र में मौसम के कारण संतरा फसल को भारी नुकसान हुआ है। महाराष्ट्र की तर्ज पर तत्काल सर्वे कराकर किसानों को 22000 रुपये प्रति हेक्टर के हिसाब से मुआवजा दिया जाए।

मक्का खरीदी: किसानों को 1200 से 1600 रुपये प्रति क्विंटल का नुकसान हो रहा है। इसलिए मक्के की खरीदी तत्काल समर्थन मूल्य (एम.एस.पी.) पर शुरू की जाए।

बिजली की आपूर्ति: किसानों को रबी और खरीफ फसलों के लिए दिन में 10 से 12 घंटे पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए। 3 एच.पी. के पंपों पर बिजली शुल्क 5 एच.पी. के बजाय पूर्ववत 3 एच.पी. के आधार पर ही वसूला जाए।

खाद एवं बीज: सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से गेहूं का आधुनिक बीज और अन्य खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और किसानों को नगद खाद की व्यवस्था की जाए।

अवैध कारोबार: क्षेत्र में चल रहे अवैध रेत उत्खनन, सट्टा, जुआ और शराब जैसे अवैध धंधों पर तत्काल रोक लगाई जाए, जिससे किसान अपनी खेती पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

विभिन्न कांग्रेस अनुषांगिक संगठनों ने समस्त किसान भाईयों से इस विशाल रैली में हजारों की संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment