जनसुनवाई : कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सुनी 15 आवेदकों की समस्यायें

संवाददाता निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिप जिला पांढुरना
पांढुर्णा/ दिसंबर 2025/ राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है । कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने आज कलेक्टर कार्यालय पांढुर्णा के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 15 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, भू-अधिकार पट्टा दिलाने, जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने, जाति प्रमाण पत्र बनाने, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाने, खसरा-नक्शा दुरूस्त कराने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई कार्यक्रम में आज धुरपदाबाई द्वारा आवेदन पत्र वास्ते लगभग 45-50 वर्षों से चले आ रहे कब्जे के आधार पर पट्टा दिये जाने के सम्बन्ध में, सुरेश कावले द्वारा बिल का भुगतान किये जाने के पश्चात विद्युत विभाग द्वारा स्टार्टर एवं करीबन 250 फिट वायर वापस नही किये जाने संबंध में,शंकर जोगी द्वारा बंटवारा आदेश दिनांक, राजस्व प्रकरण क्रमांक तथा जमा दिनांक की जानकारी अनावेदक के द्वारा ना दिये जाने के सम्बन्ध में, मनोहरसिंह ठाकुर द्वारा खेत की खड़ी तुअर फसल में जंगली जानवर नील गाय के द्वारा किये नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा प्रदान करने के सम्बन्ध में,कृषक बाबाराव द्वारा तिगांव पेपर पानी मार्ग पर विद्युत पोल लगाने के सम्बन्ध में,सरजेराव द्वारा राशन बंद हो जाने से पुर्ववतः शुरू कराये जाने के संबंध में,नरेश बांरगे द्वारा किसान सम्मान निधि दिए जाने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में एडीएम श्री नीलमणि अग्निहोत्री, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा,डिप्टी कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई।