सिंगरौली में वर्षों से जमे कर्मचारियों के स्थानांतरण की मांग तेज — जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सिंगरौली || दिनांक 28.11.2025
सिंगरौली से आज की बड़ी खबर—
जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली ने जिला कार्यक्रम विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग में वर्षों से एक ही पद पर जमे हुए कर्मचारियों के तत्काल स्थानांतरण की मांग को लेकर कलेक्टर सिंगरौली को ज्ञापन सौंपा है।
जिला कांग्रेस कमेटी के सूचना प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष विद्यापति शाह एडवोकेट ने बताया कि जिले के विभिन्न परियोजना कार्यालय—चितरंगी-01, चितरंगी-02, देवसर, सिंगरौली ग्रामीण 01 एवं 02 तथा शहरी परियोजना कार्यालयों में कई कर्मचारी पिछले कई वर्षों से बिना स्थानांतरण के पदस्थ हैं।
कांग्रेस कमेटी का कहना है कि
इन कर्मचारियों के लंबे समय से एक ही जगह टिके रहने के कारण
कार्य में मनमानी,
कार्यालय में देरी से उपस्थिति,
और जनता की समस्याओं के समय पर समाधान न होने जैसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
कमेटी ने आरोप लगाया कि जनता की समस्याओं के प्रति इन कर्मचारियों का रवैया उदासीन है, जिससे आम जनमानस को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि भारत सरकार की 3 वर्ष की ट्रांसफर पॉलिसी के अनुसार किसी भी कर्मचारी को एक ही स्थान पर लगातार लंबे समय तक पदस्थ नहीं रखा जाना चाहिए।
इसी आधार पर जिला कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि—
महिला एवं बाल विकास तथा जिला कार्यक्रम विभाग में वर्षों से जमे कर्मचारियों का तत्काल स्थानांतरण किया जाए, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार हो और जनता की समस्या का निष्पक्ष समाधान हो सके।
कांग्रेस कमेटी ने ज्ञापन के साथ विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की सूची और संबंधित दस्तावेज भी संलग्न किए हैं।