पंखिनी – सपने को दो पंख” नवाचार के अंतर्गत गाड़ासरई महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रिपोर्टर सोहन श्याम बजाग डिंडौरी
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में जिलेभर में “पंखिनी – सपने को दो पंख” नवाचार के अंतर्गत बालिकाओं को निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग से जोड़ने हेतु व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। यह विशेष पहल जनजातीय क्षेत्रों की बालिकाओं को सरकारी सेवाओं में अधिक अवसर प्रदान कर उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इसी क्रम में शासकीय महाविद्यालय गाड़ासरई में छात्राओं के बीच पंखिनी नवाचार की विस्तृत जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में ऑनलाइन पंजीयन हेतु गूगल फॉर्म भरने की प्रक्रिया को सरल और सहज तरीके से समझाया गया, ताकि छात्राएँ बिना किसी कठिनाई के इस निःशुल्क कोचिंग सुविधा का लाभ ले सकें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के महत्वपूर्ण प्रावधानों से भी अवगत कराया गया। साथ ही सभी छात्राओं को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई, जिससे वे न केवल स्वयं जागरूक हों बल्कि समाज में भी इस कुप्रथा के प्रति जागरूकता फैलाने में योगदान दे सकें।
जिले में पंखिनी नवाचार बालिकाओं के उज्जवल भविष्य निर्माण का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है।