एनसीएल संविदा पर्यवेक्षकों हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रमों का कर रही आयोजन

सिंगरौली स्थित कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) द्वारा एचओई कॉन्ट्रैक्ट्स के अंतर्गत नियोजित संविदा पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
24 नवंबर से 28 नवंबर, 2025 तक केंद्रीय उत्खनन एवं प्रशिक्षण संस्थान (सीईटीआई) सिंगरौली में आयोजित इन सत्रों का उद्देश्य खनन सुरक्षा, संचालन दक्षता और मानक प्रक्रियाओं के अनुपालन को सुदृढ़ बनाना है।
इन प्रशिक्षण सत्रों के दौरान एनसीएल टीम और सीएमपीडीआईएल से योग्य प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को ओपनकास्ट खदानों में सामान्य सुरक्षा चूक एवं उनकी रोकथाम, सरफेस माइनर के सुरक्षित संचालन एवं उत्पादकता वृद्धि, सुरक्षित हॉल रोड डिज़ाइन—रख-रखाव एवं यातायात अनुशासन, सुरक्षित ओबी डंपिंग पद्धतियाँ एवं स्लोप स्टेबिलिटी, नेतृत्व व सुरक्षा संस्कृति (Zero Harm Mining Culture), तथा उपकरणों के सुरक्षित संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के पहले दिन एनसीएल निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री सुनील प्रसाद सिंह तथा निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना), श्री अशुतोष द्विवेदी उपस्थित रहे।
इस दौरान अपने संबोधन में श्री सुनील प्रसाद सिंह ने उपस्थित प्रतिभागियों को खान अनुमति प्रक्रियाओं, खदान अधिनियम, CMR 2017, माइन रूल्स तथा वीटी रूल्स के बारे में जानकारी प्रदान की।
इसी के साथ श्री अशुतोष द्विवेदी ने सुरक्षित संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) एवं प्रैक्टिस कोड (COPs) अनुपालन के महत्व पर बल दिया।
एनसीएल द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम संविदा पर्यवेक्षकों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने और खनन कार्यों को अधिक सुरक्षित, मानकीकृत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।