लोकतंत्र को मजबूती देने बीएलए–2 प्रशिक्षण सम्पन्न — मतदाता सूची शुद्धिकरण में सहयोग का आह्वान

4 दिसंबर तक चलेगा मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान — विधायक रीती पाठक, भाजपा जिला अध्यक्ष व संयोजक ने दिए निर्देश
सीधी।विधानसभा स्तरीय बीएलए–2 प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने मतदाता सूची शुद्धिकरण (SIR प्रक्रिया) को लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीधी विधायक रीती पाठक ने कहा कि प्रत्येक मतदाता का नाम शुद्ध और प्रामाणिक रूप से सूची में दर्ज होना लोकतंत्र की नींव है। उन्होंने कहा कि बीएलओ यदि संपर्क नहीं कर पाते हैं तो भाजपा के कार्यकर्ता बीएलए–2 फार्म भरने में सहयोग कर नागरिकों की जिम्मेदारी को सरल बनाएँ। विधायक ने बीएलए–2 कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बीएलओ से लगातार संवाद रखकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में योगदान दें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता नामांकन से वंचित न रहे।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि सरकारी बीएलओ घर-घर जाकर SIR प्रक्रिया के तहत नई वोटर लिस्ट तैयार कर रहे हैं। इस महत्वपूर्ण कार्य में पार्टी के प्रत्येक पदाधिकारी को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि वे मतदाता सूची शुद्धिकरण में अनिवार्य रूप से भाग लें, क्योंकि भारत जैसे विशाल लोकतंत्र में यह प्रक्रिया अति आवश्यक है।
एसआईआर प्रक्रिया के जिला संयोजक डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक शुद्धिकरण अभियान चलेगा। बीएलओ घर-घर कम से कम तीन बार जाएंगे, इसलिए नागरिकों को उन्हें पूरा सहयोग करते हुए आवश्यक फार्म भरकर जमा करना चाहिए। उन्होंने बताया कि 9 दिसंबर को प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन होगा तथा दावा–आपत्ति के बाद 6 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। डॉ. त्रिपाठी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि टोली बनाकर घर-घर जाएँ और बीएलओ की मदद से प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे—
विधानसभा संयोजक पुष्पराज सिंह चौहान, उपाध्यक्ष विश्वबंधु धर द्विवेदी, जिला महामंत्री अनिल पाण्डेय, नगर मंडल अध्यक्ष पंकज पाण्डेय, सेमरिया मंडल अध्यक्ष राजेश द्विवेदी, कुचवाही मंडल अध्यक्ष योगेन्द्र सिंह चौहान, अमरपुर मंडल अध्यक्ष आशीष तिवारी, बरमबाबा मंडल अध्यक्ष सुबेदास यादव, प्रभारी सुधीर शुक्ला, उमाशंकर यादव, मुनिराज विश्वकर्मा, रामराज गुप्ता, प्रभाशंकर शर्मा, पूजा सिंह कुशराम, सरकारी प्रतिनिधि संजय विश्वकर्मा, एवं सभी बूथों के बीएलए–2 कार्यकर्ता।