अभियोजन अधिकारियों की कार्यदक्षता बढ़ाने हेतु भोपाल संभाग की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

0 181

 

 

एनडीपीएस एक्ट, नवीन दाण्डिक कानून व फॉरेंसिक साइंस पर संभाग स्तरीय महत्वपूर्ण कार्यशाला सम्पन्न

अभियोजन अधिकारियों की कार्यदक्षता संवर्धन एवं उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से “एनडीपीएस एक्ट, नवीन दाण्डिक कानून एवं फॉरेंसिक साइंस” विषय पर एक दिवसीय संभाग स्तरीय कार्यशाला का आयोजन 15 नवम्बर 2025 को सांची, जिला रायसेन स्थित मगधम ग्रांड रिसोर्ट एंड बैंक्वेट में किया गया। यह कार्यशाला भोपाल संभाग के अभियोजन अधिकारियों के लिए आयोजित की गई।

 

कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय श्री अनिल कुमार सोहाने, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायसेन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में अभियोजन अधिकारियों की जिम्मेदारियों, न्याय व्यवस्था की संवेदनशीलता तथा पुलिस कार्यवाहियों के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।

 

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में श्री सचिन जैन (प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश, रायसेन), श्रीमती प्रतिभा शुक्ला (IFS/DFO, रायसेन), श्री पंकज कुमार पाण्डेय (IPS/पुलिस अधीक्षक रायसेन), एवं श्री रामेश्वर कुमरे (संयुक्त संचालक, लोक अभियोजन संचालनालय भोपाल) उपस्थित रहे। सभी विशिष्ट अतिथियों ने अपने उद्बोधन में अभियोजन की बारीकियों, न्याय व्यवस्था की चुनौतियों, नवीन कानूनों, ज्ञान-विस्तार तथा कार्य प्रणाली में सुधार के बिंदुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

 

कार्यशाला के तकनीकी सत्र में श्री नीतेश कृष्णन, सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी (उज्जैन) ने एनडीपीएस एक्ट 1985 के महत्वपूर्ण प्रावधानों पर व्याख्यान दिया। वहीं श्री कृष्ण कुमार गौतम, एडीपीओ दमोह ने नवीन दाण्डिक कानूनों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

 

फॉरेंसिक साइंस विषय पर डॉ. हर्ष शर्मा, पूर्व निदेशक स्टेट फॉरेंसिक लैब भोपाल ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, फॉरेंसिक प्रक्रियाओं एवं संबंधित अधिनियमों पर उपयोगी मार्गदर्शन दिया।

 

कार्यशाला में भोपाल, विदिशा, राजगढ़, सीहोर एवं रायसेन के अभियोजन अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। महानिदेशक लोक अभियोजन मध्यप्रदेश श्री बी.एल. प्रजापति के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला का संचालन प्रभारी उपनिदेशक अभियोजन श्री अनिल कुमार मिश्रा द्वारा सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया।

 

समापन सत्र में श्री अनिल कुमार मिश्रा, श्री महेश कुमार हरदोलिया (एडीपीओ) तथा श्री विकास राज लोहिया (एडीपीओ) ने मुख्य अतिथि, विशेष अतिथियों, व्याख्याताओं तथा सभी उपस्थित अधिकारियों व स्टाफ का आभार व्यक्त किया। मंच का संचालन भोपाल की एडीपीओ श्रीमती जागृति पांडे द्वारा किया गया।

 

अंत में जिला रायसेन की मीडिया सेल प्रभारी/एडीपीओ श्रीमती किरण नंदकिशोर ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की।

 

 

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment