केंद्रीय विद्यालय जमुना कॉलरी में वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

अनूपपुर,जमुना-कोतमा(राकेश शर्मा) ज्ञात हो कि केंद्रीय विद्यालय संगठन अपने अधीनस्थ विद्यालयों की गुणवत्ता परख एवम उसे बेहतर बनाए रखने के लिए हर वर्ष शैक्षणिक निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित करता है। इसी क्रम में क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान “केंद्रीय विद्यालय एस.ई.सी.एल. जमुना कॉलरी” में आज संगठन के निरीक्षण दल द्वारा दिनभर विद्यालय की समस्त शैक्षिक सह-शैक्षिक गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल का नेतृत्व डॉ. श्रीमती सरोज डबास, सहायक आयुक्त, केंद्रीय विद्यालय संगठन, क्षेत्रीय संभाग जबलपुर ने किया।निरीक्षण दल के अन्य सदस्यों में एस. के. सोनी, प्राचार्य, पी. एम. श्री केंद्रीय विद्यालय डिंडोरी, विनोद कुमार, प्राचार्य, पी. एम. श्री केंद्रीय विद्यालय ढाना, डी. के. तिवारी, प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय अनूपपुर योगेश कुमार गुप्ता, प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय धनपुरी आदि की गरिमामयी उपस्थिति रही ।
निरीक्षण दल ने विद्यालय की समस्त शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत प्रातः कालीन प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। जिसमें केंद्रीय विद्यालय गीत और वंदेमातरम् पर नाटिका सह गीत मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। इसके बाद, दल ने कक्षाओं का दौरा किया और शिक्षकों के साथ शैक्षिक गतिविधियों पर चर्चा की।
निरीक्षण दल ने विद्यालय के विभिन्न विभागों जैसे कि भौतिकी, रसायन विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और खेलकूद सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। दल ने विद्यार्थियों के साथ बातचीत की और उनके शैक्षिक और व्यक्तिगत विकास के बारे में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण की समाप्ति पर, सहायक आयुक्त महोदया ने विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे आगे भी बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव और मार्गदर्शन दिया। उन्होंने शिक्षकों और कर्मचारियों को उनके समर्पण और कड़ी मेहनत के लिए बधाई दी और विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्राचार्य मनोज कुमार ने सहायक आयुक्त महोदया के निर्देशों और सुझावों के लिए धन्यवाद दिया और विद्यालय को और ऊँचाइयों पर स्थापित करने के लिए अपनी योजनाओं से अवगत कराया ।