“मुस्कान विशेष अभियान” के तहत सिंगरौली पुलिस ने छात्राओं व माताओं को किया जागरूक

0 289

 

सिंगरौली 09 नवम्बर 2025

 

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर 1 से 30 नवम्बर तक गुमशुदा नाबालिक बालिकाओं की दस्तयाबी और विद्यालयों में जनजागरूकता के लिए “मुस्कान विशेष अभियान” चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सिंगरौली मनीष खत्री (भा.पु.से.) के निर्देशन में महिला थाना सिंगरौली द्वारा रविवार को सरस्वती बालिका विद्यालय दुधिचुआ में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी आराधना सिंह परिहार, उप निरीक्षक प्रियंका शर्मा, स.उ.नि. पुष्पा गिरी, प्र.आर. अखिलेश और प्र.आर. बेलकली द्वारा छात्राओं एवं उनकी माताओं को अभियान के उद्देश्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी जानकारियाँ दी गईं।

 

अधिकारीगणों ने बताया कि “मुस्कान अभियान” का उद्देश्य गुम नाबालिक बालिकाओं की खोज के साथ-साथ समाज में महिलाओं और बच्चियों के प्रति सुरक्षा, सम्मान और जागरूकता की भावना को मजबूत करना है।

शिविर में गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, पास्को एक्ट, जे.जे. एक्ट, साइबर अपराध, बाल श्रम व बंधुआ मजदूरी जैसी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

साथ ही हेल्पलाइन नंबर 112, 1098, 1090, और 1930 के उपयोग के बारे में बताया गया, ताकि संकट की स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।

 

कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं कानूनी अधिकारों पर भी चर्चा की गई।

लगभग 520 छात्राओं, उनकी माताओं एवं शिक्षकगणों ने इस जागरूकता शिविर में भाग लेकर पुलिस के इस जनहितकारी अभियान की सराहना की।

 

“मुस्कान अभियान” का मकसद है हर चेहरे पर मुस्कान लाना — ताकि हमारी बेटियाँ रहें सुरक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment