लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: सीधी में पटवारी 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, सरकारी महकमे में मचा हड़कंप

सीधी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त रीवा की टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को चुरहट तहसील के ग्राम टिकर खुर्द में पदस्थ हल्का पटवारी शिव प्रताप सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी पटवारी जमीन संबंधी प्रतिवेदन अपने पक्ष में तैयार करने के एवज में शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये की मांग कर रहा था। यह कार्रवाई जिले में तीन दिनों के भीतर लोकायुक्त की दूसरी बड़ी सफलता है, जिससे भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
लोकायुक्त टीआई संदीप भदौरिया ने बताया कि शिकायतकर्ता राजेश सिंह ने 4 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, जमीन विवाद में नायब तहसीलदार द्वारा स्टे आदेश जारी किया गया था। इसके बाद जब पटवारी को प्रतिवेदन तैयार करना था, तभी उसने शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की।
शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और शनिवार को कार्रवाई करते हुए पटवारी को 2,000 रुपये की नकद राशि लेते रंगे हाथों दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सीधी सर्किट हाउस लाकर पूछताछ और आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, लोकायुक्त अब आरोपी के मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्डिंग और दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि रिश्वतखोरी की पुष्टि और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का खुलासा किया जा सके।
👉 लोकायुक्त की लगातार कार्रवाई से साफ संदेश — भ्रष्टाचार करने वालों की अब खैर नहीं!