आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की पदयात्रा दूसरे दिन भी जारी, मिल रहा अपार जनसमर्थन लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ही थे आत्मनिर्भर भारत की नींव रखने वाले – सांसद डॉ. मिश्रा सांसद की पदयात्रा ऐतिहासिक और प्रेरणादायी – विधायक विश्वामित्र पाठक

सीधी।
लोकसभा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की “आत्मनिर्भर भारत संकल्प यात्रा” एवं “सरदार पटेल की 150वीं यूनिटी मार्च” दूसरे दिन भी जिले के विभिन्न ग्रामों में उत्साह और जोश के साथ जारी रही। यात्रा को जनता का अपार स्नेह और समर्थन मिल रहा है।
नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि यह कार्यक्रम राष्ट्र की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता के संकल्प को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में जनभागीदारी और राष्ट्रभाव का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
सांसद मिश्रा ने क्षेत्रीय जनता द्वारा रखी गई समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। वहीं सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक ने सांसद की पदयात्रा को “ऐतिहासिक और प्रेरणादायी” बताते हुए कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि “आज जो हम विकसित और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, उसकी नींव रखने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ही थे।” उन्होंने कहा कि पटेल जी ने 562 रियासतों को बिना किसी संघर्ष के एक सूत्र में पिरोकर एक संगठित भारत का निर्माण किया। यही कारण है कि आज दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टेच्यू ऑफ यूनिटी’ उनके नाम पर है।
उन्होंने कहा कि “यह यूनिटी मार्च केवल एक दौड़ नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र की एकता और अखंडता का प्रतीक है। हम सब मिलकर उस भारत का निर्माण करेंगे जिसका सपना सरदार पटेल ने देखा था — एक भारत, श्रेष्ठ भारत, आत्मनिर्भर भारत।”
भव्य आयोजन और व्यापक जनभागीदारी
कुबरी से बहरी तक आयोजित इस विशाल ‘यूनिटी मार्च’ को सांसद डॉ. मिश्रा ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निर्वाण सिंह चौहान, जनपद पंचायत अध्यक्ष धर्मेंद्र परिहार, पूर्व जिलाध्यक्ष के.के. तिवारी, डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, डॉ. विक्रम सिंह, डा. मनीला सिंह, शिवदान साकेत, अखिलेश पांडे, अंजू पाठक, कंचन केसरी, संगीता सिंह चौहान, अभय सिंह (बबलू) सहित बड़ी संख्या में युवा, महिला समूह, स्कूली छात्र, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर विधायक विश्वामित्र पाठक ने एकता शपथ दिलाई, जबकि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सभी को नशा मुक्त और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बना सीधी का यूनिटी मार्च
जिला युवा अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर “मेरा युवा भारत” के माध्यम से यह जिला स्तरीय यूनिटी मार्च आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव, समाज के प्रति जिम्मेदारी और एकता की भावना को मजबूत करना है।
यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के “जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण” के विज़न से प्रेरित है और युवाओं को ‘एक भारत, आत्मनिर्भर भारत’ के आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा देता है।