एनटीपीसी के 50 वर्षों का जश्न : विंध्याचल में गूंजी ठहाकों की गूंज
विन्ध्या क्लब के बैनर तले हास्य संध्या में छलकी हंसी और उत्साह

विंध्याचल, 11 अक्टूबर 2025।
एनटीपीसी की गौरवशाली 50 वर्षीय उपलब्धियों के उपलक्ष्य में एनटीपीसी विंध्याचल में शनिवार की शाम हंसी और खुशी से सराबोर रही। अवसर था “स्वर्ण जयंती वर्ष” के तहत विन्ध्या क्लब द्वारा आयोजित मनोरंजक हास्य संध्या का, जिसमें देश के प्रसिद्ध हास्य कलाकार अमित तंडन और जसप्रीत सिंह ने अपनी चुटीली और धारदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को ठहाकों से लोटपोट कर दिया।
कार्यक्रम का आयोजन उमंग भवन में किया गया, जो कर्मचारियों, उनके परिवारजनों और महिला क्लब की सदस्याओं से पूरी तरह खचाखच भरा रहा। दोनों कलाकारों की प्रस्तुति ने खासकर युवाओं को खूब आकर्षित किया और माहौल को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख श्री संजीब कुमार साहा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रबंधन टीम के सदस्य—
ए. जे. राजकुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण);
एम. सुरेश, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस एवं एडीएम);
अतिन कुंडू, महाप्रबंधक (परियोजना);
एस. के. सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं एफएम);
डॉ. बी. के. भराली, महाप्रबंधक (चिकित्सा सेवाएं);
देबब्रत त्रिपाठी, महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएं);
तथा राकेश अरोड़ा, मानव संसाधन प्रमुख (विंध्याचल) की गरिमामय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ प्रबंधन द्वारा दोनों कलाकारों अमित तंडन और जसप्रीत सिंह को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
विन्ध्या क्लब ने आयोजन की सफलता के लिए वरिष्ठ प्रबंधन के सतत सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया तथा मानव संसाधन एवं टीएडी विभागों को उत्कृष्ट समन्वय के लिए विशेष धन्यवाद दिया।
यह हास्य संध्या न केवल एक मनोरंजक शाम रही, बल्कि एनटीपीसी परिवार की एकता, उत्साह और साझा उपलब्धियों का सशक्त प्रतीक भी बनी।
वास्तव में, यह आयोजन इस बात का संदेश था कि एनटीपीसी की ऊर्जा सिर्फ बिजली तक सीमित नहीं, बल्कि मुस्कुराहटों और मानवीय जुड़ाव से भी भरी हुई है।