हौसलों ने भरी उड़ान: स्व–सहायता समूह से आत्मनिर्भर बनीं सुनीता गुप्ता

0 395

प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी से शाहिद खान

 

सीधी जिले के मझौली विकासखंड के ग्राम बनियाटोला की स्व-सहायता समूह सदस्य सुनीता गुप्ता ने साहस, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत के दम पर आत्मनिर्भरता की एक प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत की है। सुनीता गुप्ता ‘ज्वालामुखी’ स्व सहायता समूह एवं ‘महान’ सीएलएफ से जुड़ी हुई हैं। समूह के सहयोग से वर्ष 2022 में उन्होंने कपड़ों की दुकान की शुरुआत की।

 

मिशन के अंतर्गत सुनीता को एसवीईपी–सीईएफ से 40 हजार रुपए और सीसीएल से 1 लाख रुपए का आर्थिक सहयोग मिला। कुल 1 लाख 40 हजार रुपए की सहायता से उन्होंने अपने उद्यम की मजबूत नींव रखी। पहले उनका परिवार कृषि और पशुपालन पर निर्भर था, जिससे आय बहुत सीमित थी। लेकिन आज उनका व्यवसाय सफलतापूर्वक चल रहा है।

 

वर्तमान में उनके परिवार की वार्षिक घरेलू आय 1 लाख 30 हजार रुपए तक पहुँच चुकी है, जबकि उनके उद्यम का वार्षिक कारोबार 2 लाख 70 हजार रुपए से भी अधिक है। सुनीता कटनी बाजार से कपड़ों की थोक खरीद करती हैं और स्थानीय ग्राहकों को विविध और आकर्षक वस्त्र उपलब्ध कराती हैं। उनके इस उद्यम से परिवार के दो सदस्यों को पूर्णकालिक रोजगार भी मिला है।

 

सुनीता का कहना है कि मिशन की सहायता से उन्हें आर्थिक सहयोग ही नहीं, बल्कि प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ, जिसने उनके आत्मविश्वास को नई दिशा दी। स्व सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया और अब वे अपने पैरों पर खड़ी होकर परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ बना रही हैं।

 

ग्राम स्तर पर स्वावलंबन और महिला सशक्तिकरण की दिशा में सुनीता गुप्ता का यह प्रयास प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि अवसर और विश्वास मिलने पर ग्रामीण महिलाएँ भी आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक नेतृत्व की नई कहानियाँ रच सकती हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment