कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या की अध्यक्षता में भारतीय किसान संघ की बैठक संपन्न 

0 218

खाद्य कालाबाजारी करने वाले के ऊपर एफ आई आर करने एवं कार्यवाही न करने वाले अधिकारी ऊपर निलंबन करने के दिए निर्देश

डिंडौरी खमोद चन्देल की रिपोर्ट –

कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में भारतीय किसान संघ की बैठक आयोजित हुई। अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, एसडीएम शहपुरा श्री एश्वर्य वर्मा, एसडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम बजाग श्री रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर श्री वैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर (प्रशिक्षु) श्री अक्षय डिगरसे सहित भारतीय किसान संघ के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान किसान संघ के प्रतिनिधियों ने पराली प्रबंधन, बीज वितरण, कृषि उपकरणों के उपयोग, धान उपार्जन, खाद्य सामग्री एवं यूरिया-डीएपी की कालाबाजारी जैसे मुद्दों पर विभागीय अधिकारियों के समक्ष विस्तार से अपनी समस्याएं रखीं।

किसान संघ ने बताया कि जिले में छोटे और सीमांत किसान आधुनिक उपकरणों का उपयोग नहीं कर पाते। पराली प्रबंधन के अंतर्गत विभाग द्वारा किसानों को सस्ती और सरल तकनीक बताने की मांग की गई। धान और सोयाबीन बीज वितरण की पारदर्शी सूची 5 अक्टूबर तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही कृषक प्रशिक्षण, खेत पाठशाला, किसान भ्रमण जैसी गतिविधियों की जानकारी किसानों को समय पर देने पर बल दिया गया। किसानों ने धान उपार्जन प्रति हेक्टेयर 22 क्विंटल से बढ़ाकर 40 क्विंटल करने की मांग की।

जिले के छोटे-बड़े बांधों की सूची और सिंचाई क्षेत्र का मानचित्र किसान संघ को उपलब्ध कराने की मांग की गई। ग्राम बिजौरी में टूटी नहरों की मरम्मत, बिलगांव जलाशय मध्यम परियोजना बिलगड़ा बांध में हॉर्न (सायरन) की व्यवस्था, 43 गांवों तक पानी पहुंचाने हेतु नहरों की मरम्मत, वेस्टवियर गेट पर फेंसिंग और लाइट की व्यवस्था सहित मुख्य सड़क तक डामरीकरण करने की मांग रखी गई।

भैसवाही और भाखा बांध में लीकेज एवं क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत, तरच एनीकट बांध से अतिक्रमण हटाने और परियाकला व रावनकुंड में छोटे बांध बनाने की भी मांग की गई।

कम वोल्टेज वाले ट्रांसफार्मर बदलने, ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर केबल बदलने, 132 केवी सब-स्टेशन शहपुरा को शीघ्र चालू करने, किसानों को 5 रुपये में कनेक्शन देने, जले हुए ट्रांसफार्मर बदलने के लिए एंबुलेंस सेवा शुरू करने तथा 24 घंटे में ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की गई।

जिले में लाइसेंसधारी गल्ला व्यापारियों की सूची, रेट लिस्ट नहीं लगाने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई, ग्रामीण क्षेत्रों में कम कीमत पर खरीदी करने वाले व्यापारियों एवं वाहनों पर कार्रवाई, शहपुरा व डिंडौरी मंडियों को अतिक्रमण मुक्त करने तथा रोड किनारे खरीदी करने वाले लाइसेंसधारी व्यापारियों को मंडी में स्थान उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।

पशु चिकित्सा विभाग में दवाइयों की उपलब्धता, समय पर इलाज की सुविधा और डिंडौरी में मिल्क रूट विकसित करने की मांग की गई।

जिले में उद्यानिकी के स्थाई ढांचे की संख्या 50 तक बढ़ाने, विकासखंड स्तर पर कार्यालय स्थापित करने, कृषि उपकरणों के पोर्टल एवं वास्तविक मूल्य में अंतर समाप्त करने की मांग की गई।

रजिस्ट्री के साथ नामांतरण दस्तावेज उपलब्ध कराने, परंपरागत रास्तों का नक्शे में अंकन, राजस्व न्यायालयों में सीसीटीवी कैमरा लगाने, पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने, प्रति तीन माह में जागरूकता पखवाड़ा चलाने, फौती नामांतरण की समय सीमा तय करने और सरकारी नाला, नदी, तालाब, झरना, गौचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग की गई।

खाद्य वितरण केंद्रों के परिसीमन में सुधार की मांग की गई ताकि किसानों को निकटतम केंद्र से खाद्य सामग्री प्राप्त हो सके।

किसानों ने जिले में कृषि महाविद्यालय खोलने, फसल को जंगली जानवर एवं आवारा पशुओं से होने वाले नुकसान की क्षतिपूर्ति देने और फेंसिंग के लिए 80 प्रतिशत अनुदान देने की मांग की। साथ ही समस्त विभागों के सामने पेयजल उपलब्धता की भी आवश्यकता बताई।

बैठक के अंत में कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने सभी विभागों को किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु निर्देश दिए और निर्धारित समय सीमा में जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष श्री बिहारी लाल साहू, जिला सदस्य श्री खूबचंद साहू, शहपुरा तहसील अध्यक्ष श्री प्रमोद मौर्या, तहसील मंत्री श्री यतेन्द्र साहू, उपाध्यक्ष श्री जगदीश साहू, डिण्डौरी तहसील अध्यक्ष श्री खमोद चंदेल, बजाग तहसील अध्यक्ष श्री आशाराम यादव और सदस्य में श्री तरुण, श्री कृष्ण कुमार, श्री कालिका, श्री नन्दकिशोर, श्रीमती मंती धूमकेती, श्री रमेश चौहान संत कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment