मैं हूं अभिमन्यु” अभियान : बदलाव की ओर समाज का कदम

समानता और सुरक्षा की अलख – सीधी पुलिस का जनजागरण

0 303

 

 

पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाये जा रहे अभियान के तत्वाधान में, पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन में जिले भर में अभिमन्यु-3 अभियान के अंतर्गत व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, दुर्गा पंडालों, बस स्टैंड और प्रमुख चौक-चौराहों पर प्रचार-प्रसार कर नागरिकों को महिला एवं बाल सुरक्षा, सामाजिक समानता तथा समान अवसर के महत्व से अवगत कराया गया।

 

*अभियान की विशेषता*

*“मैं हूं अभिमन्यु”* केवल एक जनसंपर्क पहल नहीं, बल्कि मानसिकता बदलने और सामाजिक सोच को नई दिशा देने का प्रयास है। इसके मुख्य उद्देश्य –

 

• महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध की रोकथाम।

• समाज में व्याप्त भेदभाव और कुरीतियों का अंत।

• युवाओं को समान अवसर देकर आत्मनिर्भर बनाना।

 

• लिंग भेद के विरुद्ध संदेश

अभियान के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि –

*“नारी का सम्मान ही समाज की असली शक्ति है। उसके प्रति भेदभाव करना अन्याय ही नहीं, बल्कि विकास की राह में सबसे बड़ी रुकावट है।”*

लोगों से आह्वान किया गया कि वे समानता अपनाकर एक सुरक्षित और संवेदनशील समाज की रचना में भागीदार बनें।

 

*प्रचार-प्रसार की विविध विधाएं*

रैलियों, संवाद कार्यक्रमों, समूह चर्चाओं, ग्राम पंचायत बैठकों और शॉर्ट फ़िल्मों के माध्यम से अभियान का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक सहयोग का यह संदेश नागरिकों पर गहरा असर छोड़ रहा है।

 

*विशेष अभियान – सोनचाल बस स्टैंड सीधी*

आज के कार्यक्रम में थाना कोतवाली, थाना यातायात एवं महिला थाना द्वारा संयुक्त रूप से सोनचाल बस स्टैंड, सीधी में विशेष अभियान चलाया गया।

इस दौरान आमजन को महिला सुरक्षा, लिंग समानता और सामाजिक सहयोग के महत्व से अवगत कराते हुए पंपलेट वितरण, संवाद कार्यक्रम और जन-जागरूकता रैली निकाली गई।

 

*पुलिस का संकल्प*

पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी ने कहा –

“यह अभियान समाज की सोच और मानसिकता को सकारात्मक रूप से बदलने का प्रयास है। *महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण देना और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराना केवल पुलिस की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।”*

 

*नेतृत्व एवं सहयोग*

अभियान को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव और अनुभागीय पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। थाना एवं चौकी स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों से “मैं हूं अभिमन्यु” अभियान लगातार नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment