“स्वच्छोत्सव” के तहत रेनबो विद्यालय में मिनी मैराथन, विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता का संदेश

संवाददाता- निलेश कलसकर
पांढुरना- राष्ट्रव्यापी अभियान स्वच्छता ही सेवा – 2025 तथा सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत रेनबो हायर सेकेंडरी स्कूल, पांढुरना द्वारा आज “स्वच्छोत्सव” थीम पर आधारित एक भव्य मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय संचालक राम नंदेवार ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज को स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
इस मैराथन में कक्षा 6 से 12 तक के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में स्लोगन और तख्तियाँ थामकर नगरवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया। “स्वच्छता है सेवा”, “स्वच्छ नगर – स्वस्थ नगर”, “हर घर का कचरा, डस्टबिन में डाले” जैसे नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा और राहगीरों का ध्यान विद्यार्थियों के उत्साह और संकल्प की ओर आकर्षित हुआ।
विद्यालय प्राचार्य अमोल नंदेवार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन केवल शारीरिक तंदुरुस्ती के लिए ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरणीय चेतना विकसित करने के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने इस अवसर पर यह भी कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के नागरिक हैं और यदि वे स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बना लें तो हमारा समाज स्वतः ही सुंदर और स्वस्थ बन जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने में शाला के ईको क्लब का सराहनीय योगदान रहा। ईको क्लब के सदस्यों ने न केवल विद्यार्थियों को जागरूक किया बल्कि पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, समन्वय और संदेश प्रसार में अहम भूमिका निभाई। रेनबो विद्यालय परिवार ने इस अवसर पर यह संकल्प लिया कि वे न केवल विद्यालय परिसर को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखेंगे, बल्कि घर-घर और समाज तक स्वच्छता का संदेश पहुँचाने का कार्य भी करेंगे। विद्यालय द्वारा किया गया यह प्रयास पांढुरना नगर के लिए अत्यंत प्रेरणादायी रहा और इस आयोजन ने नगरवासियों के बीच स्वच्छता के महत्व की गूंज पैदा की।