सीधी में अधेड़ की संदिग्ध मौत पर बवाल: शव रखकर परिजनों ने किया रोड जाम

सीधी। कोतवाली थाना क्षेत्र के एनएच-39 बायपास पर शुक्रवार देर रात लल्ला साकेत (50) का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी सावित्रीबाई ने आरोप लगाया कि शुक्रवार सुबह उनके पति को एक अज्ञात व्यक्ति बाइक पर ले गया था, जिसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। पत्नी का कहना है कि यह सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या का मामला है।
शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। दोपहर करीब 3 बजे उन्होंने शव को जिला अस्पताल परिसर में रखकर चक्का जाम कर दिया और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस मामले पर थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह सड़क दुर्घटना प्रतीत हो रही है। पुलिस ने एक्सीडेंट की धारा में मर्ग कायम कर लिया है। वास्तविक स्थिति पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट
होगी।