साप्ताहिक बाजार की अस्थाई दुकानें हटाने का विरोध नई दुकानें देने की मांग
वनांचल समाचार पत्र- निलेश कलसकर
पांढुरना- पांढुरना में अंबाडा रोड शुक्रवार बाजार स्थित साप्ताहिक बाजार के पास दुकानदारों ने दुकानें हटाने का विरोध किया है। दुकानदारों ने इस मामले में कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार को शिकायत सौंपी है।
दुकानदार दुर्गादास बाबुलकर, प्रकाश कामड़े, रामेश्वर नासरे, सोनू चौहान और गणेश वघाले समेत कई दुकानदार पिछले 8 साल से यहां अस्थाई दुकानें लगाकर व्यापार कर रहे हैं। नगर पालिका के कर्मचारी रोजाना आकर दुकानें हटाने का दबाव बना रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि उन्हें न तो कोई नोटिस दिया गया है और न ही समय दिया जा रहा है।
दुकानदारों ने मांग की है कि यदि उनकी दुकानें हटाई जाती हैं तो उन्हें लागत मूल्य पर नई दुकानें आवंटित की जाएं। इस संबंध में नगर पालिका के सहायक यंत्री सोनू सकवार ने बताया कि अंबाडा रोड स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास नई दुकानों का निर्माण किया जाना है। इसलिए अस्थाई दुकानदारों को वहां से हटने के निर्देश दिए गए हैं।