डाइट सहायक प्राध्यापक डॉ रावेंद्र मिश्रा पर लगे गंभीर आरोप, शिकायत आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल तक पहुँची
डाइट सहायक प्राध्यापक डॉ रावेंद्र मिश्रा पर लगे गंभीर आरोप, शिकायत आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल तक पहुँची
जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
डिण्डौरी। जिला शिक्षा जगत में बड़ा विवाद सामने आया है। शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहपुरा के प्रभारी प्राचार्य वेद प्रकाश साहू ने डाइट डिण्डौरी में पदस्थ सहायक प्राध्यापक डॉ. रावेंद्र कुमार मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साहू ने आरोप लगाया कि मिश्रा ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर उन्हें अपमानित किया और धमकियां दीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर की शाम लगभग 7:30 बजे मिश्रा ने अपने मोबाइल नंबर 7089155225 से साहू के मोबाइल नंबर 9926150544 पर फोन कर उन्हें “दो कौड़ी का वरिष्ठ अध्यापक” और “साले वरिष्ठ अध्यापक” जैसे शब्द कहे तथा धमकाते हुए “कल आकर देखता हूँ शहपुरा में रहना” जैसी बातें कहीं।
शिकायत पत्र में साहू ने उल्लेख किया है कि वे लगभग 22 वर्षों से शासकीय सेवा में हैं और वर्तमान में प्रभारी प्राचार्य के रूप में कार्यरत हैं। इस दौरान मिश्रा द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी शिक्षक समाज की गरिमा और शिक्षा जगत के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस घटना से वे मानसिक रूप से प्रताड़ित और भयभीत महसूस कर रहे हैं।
बिना आदेश के कर रहे डीईओ का काम
साहू ने यह भी आरोप लगाया कि डॉ. रावेंद्र मिश्रा, जो मूल रूप से हाई स्कूल प्राचार्य हैं, पहले जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) के पद पर पदस्थ थे। तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी आर.एस. सिन्द्राम की सेवानिवृत्ति के बाद मिश्रा ने बिना किसी विभागीय आदेश के खुद को डीईओ मानते हुए कार्यालयीन कार्य और आदेश जारी करने शुरू कर दिए।
हालांकि, 21 अगस्त 2025 को स्कूल शिक्षा विभाग, भोपाल ने आदेश जारी कर मिश्रा की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर उन्हें डाइट डिण्डौरी में सहायक प्राध्यापक के पद पर पदस्थ कर दिया था। इसके बावजूद वे दबंगई से डीईओ का काम कर रहे हैं।
उच्च अधिकारियों को प्रेषित की शिकायत
प्रभारी प्राचार्य वेदप्रकाश साहू ने इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल को शिकायत भेजकर मिश्रा के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्यवाही की मांग की है। साथ ही उन्होंने ऑडियो क्लिप भी साक्ष्य के रूप में संलग्न की है।
शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर डिण्डौरी, पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी, मानव अधिकार आयोग भोपाल, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग भोपाल और अध्यापक/शिक्षक संघ को भी प्रेषित की गई है।