सीधी जिले में 13 सितंबर को आयोजित होगी नेशनल लोक अदालत
सीधी जिले में 13 सितंबर को आयोजित होगी नेशनल लोक अदालत

सीधी।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार वर्ष 2025 की तीसरी नेशनल लोक अदालत का आयोजन 13 सितंबर को जिला मुख्यालय सीधी तथा तहसील गुड्ड, मझौली और समूहर सैहान में किया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित ए.डी.आर. भवन, जिला न्यायालय परिसर में माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रयाग लाल दिनकर द्वारा लोक अदालत का शुभारंभ किया जाएगा।
इस अवसर पर अन्य न्यायालयों एवं जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति भी रहेगी। आयोजन के लिए कुल 21 न्यायिक खंडपीठों का गठन किया गया है।
गठित पीठों में प्रधान जिला न्यायाधीश प्रयाग लाल दिनकर, विशेष न्यायाधीश विद्युत अभियोजन सुनील कुमार गुप्ता, न्यायाधीश दीपक शर्मा, संगीता श्रीवास्तव, राकेश कुमार सोनी सहित कई न्यायिक अधिकारी शामिल हैं। वहीं, तहसील स्तर पर भी न्यायिक खंडपीठों का गठन किया गया है।
लोक अदालत में सिविल, आपराधिक, मोटर दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, श्रम विवाद, पारिवारिक विवाद, विद्युत, भूमि अधिग्रहण सहित अन्य वादों के साथ-साथ जलकर एवं बिजली से संबंधित प्रकरणों का भी निराकरण कराया जाएगा।
पिछली (10 मई) को आयोजित लोक अदालत में बेहतर परिणाम सामने आए थे। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने विश्वास व्यक्त किया कि इस बार भी आमजन को अधिक से अधिक लाभ दिलाते हुए लोक अदालत को सफल बनाया जाएगा।