सिंगरौली हवाई पट्टी को मिलेगा एयरपोर्ट का रूप
कलेक्टर के अथक प्रयासों से ओएलएस सर्वे हेतु स्वीकृत हुई राशि, अब 80 सीटर विमान भरेंगे उड़ान
सिंगरौली, 10 सितम्बर 2025।

सिंगरौली जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ गई है। कलेक्टर चन्द्र शेखर शुक्ला के अथक प्रयासों से सिंगरौलिया हवाई पट्टी को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया गया है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, नई दिल्ली द्वारा 31 जनवरी 2025 को हवाई पट्टी के विस्तार के लिए व्यवहार्यता अध्ययन और ओएलएस सर्वेक्षण हेतु 89 लाख 1 हजार 566 रुपये की मांग की गई थी। कलेक्टर शुक्ला की सतत पहल पर मध्यप्रदेश शासन के विमानन विभाग ने इस राशि को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
इसके साथ ही, आयुक्त विमानन संचालनालय भोपाल ने 9 सितम्बर 2025 को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, नई दिल्ली से एक बहुसंवर्गीय विशेषज्ञ दल भेजकर व्यवहार्यता अध्ययन एवं ओएलएस सर्वेक्षण कराने का अनुरोध किया है।
इस प्रक्रिया के पूर्ण होते ही सिंगरौलिया हवाई पट्टी को शीघ्र ही एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके बाद यहां से 80 सीटर विमान भी उड़ान भर सकेंगे, जिससे जिले के लिए आर्थिक, औद्योगिक और पर्यटन विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी