नगर निगम आयुक्त ने किया वार्डों का निरीक्षण
समय पर पहुंचे कचरा वाहन, साफ-सफाई व स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : सविता प्रधान
सिंगरौली, 10 सितम्बर 2025।

नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने मंगलवार को निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 31, 32, 33 व 36 का भ्रमण कर वार्डों की मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य, साफ-सफाई व्यवस्था, सड़क व स्ट्रीट लाइट सहित उद्यानों की स्थिति का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
आयुक्त ने वार्ड क्रमांक 36 तेलगवा में सड़क निर्माण कराने के निर्देश दिए तथा छठ घाट के रेस्टोरेशन कार्य का निरीक्षण कर कार्य को समयसीमा व गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रकाश व्यवस्था का जायजा लेते हुए कहा कि खराब स्ट्रीट लाइट को तत्काल बदला जाए तथा जिन गलियों व कालोनियों में लाइट नहीं लगी है, वहां समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
वार्ड क्रमांक 32 स्थित उद्यान में किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने और नाले-नालियों की सफाई के बाद किटनाशक छिड़काव कराने के निर्देश दिए। वहीं वार्ड क्रमांक 33 में उद्यान सुधार कार्य व क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश आयुक्त ने अधिकारियों को दिए।
भ्रमण के दौरान आयुक्त ने वार्ड पार्षदों से क्षेत्र के चौमुखी विकास को लेकर सुझाव लिए और संबंधित अधिकारियों को उन पर अमल करने को कहा।
इसके साथ ही उन्होंने गनियारी स्थित कचरा संग्रहण प्लांट का निरीक्षण किया और सीटडेल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि घर-घर कचरा संग्रहण करने वाले वाहन समय पर कॉलोनियों में पहुंचें। उन्होंने कहा कि कचरा संग्रहण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की कि वे सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग करके ही वाहन को दें।
सीएनडी वेस्ट के समुचित निस्तारण हेतु भी आयुक्त ने प्रबंधन को निर्देशित किया।
इस मौके पर वार्ड पार्षद श्रीमती रूकमन देवी, भारतेन्दु पाण्डे, प्रेम सागर मिश्रा, श्रीमती श्यामला देवी सहित निगम के कार्यपालन यंत्री प्रदीप चढ़ार, उपायुक्त आरपी बैस, सहायक आयुक्त रूपली द्विवेदी, सहायक यंत्री संतोष पाण्डेय, एस.एन. द्विवेदी व अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।