मड़ावरा में लोधी समाज का ऐतिहासिक फैसला, नशे पर पूरी तरह बैन
📰 मड़ावरा में लोधी समाज का ऐतिहासिक फैसला, नशे पर पूरी तरह बैन
ललितपुर/मड़ावरा। कस्बा मड़ावरा के शाला जी मंदिर में हुई लोधी समाज की पंचायत में सामाजिक सुधार की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। पंचायत ने सर्वसम्मति से यह तय किया कि गांव में अब कोई भी व्यक्ति शराब या गांजा का सेवन और कारोबार नहीं करेगा। नियम तोड़ने वालों पर सख्त दंड तय किया गया है—दारू बेचने वाले को ₹51,000 और पीने वाले को ₹5,100 का जुर्माना भरना होगा। इतना ही नहीं, दोषी को समाज से बहिष्कृत भी किया जाएगा।
पंचायत का मानना है कि नशे की वजह से समाज के कई परिवार आर्थिक और सामाजिक रूप से टूट रहे थे और युवाओं का भविष्य खतरे में था। इस फैसले का स्वागत करते हुए समाजजनों ने कहा कि इससे सकारात्मक बदलाव आएगा और नई पीढ़ी नशे की लत से बचेगी। पंचायत ने स्पष्ट कर दिया कि अब समाज में नशा करने या बेचने वालों के लिए कोई जगह नहीं होगी। यह कदम पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन सकता है। पंचायत में बड़ी संख्या में बुजुर्ग, युवा और समाज के लोग उपस्थित रहे।
✍️ जिला ब्यूरो चीफ: प्रवीण जैन