Breaking News

ओबी कंपनी राधा चेन्नई पर भर्ती को लेकर फटकार, विस्थापितों की अनदेखी से भड़के लोग

0 289

 

बीना।

एनसीएल बीना परियोजना में अधिभार हटाने का कार्य कर रही राधा चेन्नई कंपनी में मजदूरों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर सोमवार दोपहर लगभग 1:30 बजे त्रिपक्षीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीओ पिपरी अमित कुमार, एसडीएम दूधी निखिल यादव, एनसीएल बीना के जीएम आर.के. सिंह, कंपनी प्रबंधक, थाना प्रभारी शक्तिनगर, बीना चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह, स्थानीय विस्थापित और ग्राम प्रधान शामिल हुए।

 

बैठक में विस्थापितों ने कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए कि मजदूरों से 10 से 14 हजार रुपये में बीना ए एवं बी फॉर्म भरवाकर काम कराया जा रहा है। वहीं चालकों को जानबूझकर फेल कर दिया जाता है। आरोप यह भी है कि अब तक भर्ती हुए संविदा कर्मियों में 50 प्रतिशत तक भी विस्थापितों को शामिल नहीं किया गया।

 

लोगों का कहना है कि एनसीएल और कंपनी प्रबंधन महीनों से विस्थापितों को सिर्फ आश्वासन ही दे रहा है, लेकिन रोजगार देने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठा रहा।

 

सीओ और एसडीएम ने कंपनी प्रबंधन को निर्देश दिया कि विस्थापितों को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाए और काम की गति को बढ़ाया जाए। वहीं जीएम आर.के. सिंह ने कहा कि बीना बी फॉर्म वाले मजदूरों की भर्ती का मामला उनके संज्ञान में नहीं था, वह शीघ्र ही इसकी जांच करेंगे।

 

ग्रामीणों का कहना है कि बैठक के बाद भी अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया और मजदूर लगातार ठगे जा रहे हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment