सिंगरौली में सरकारी स्कूल में आकाशीय बिजली गिरी: मैदान में खेलते समय 11वीं के छात्र की मौत, दो स्टूडेंट्स घायल,
सिंगरौली में सरकारी स्कूल में आकाशीय बिजली गिरी: मैदान में खेलते समय 11वीं के छात्र की मौत, दो स्टूडेंट्स घायल,


सिंगरौली जिले के चितरंगी विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल खटाई में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे खेल मैदान में आकाशीय बिजली गिरी। इससे कक्षा 11 वीं के छात्र की मौत हो गई। वहीं दो अन्य स्टूडेंट्स घायल हो गए हैं।
मृतक का नाम नमन गुप्ता (16) है। घायलों में कक्षा 9वीं की छात्रा अफरीदी (14) और राजेश साहू (14) शामिल हैं। घटना के समय बच्चे मैदान में खेल रहे थे। अचानक मौसम खराब हुआ और बिजली गिरी।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी में भर्ती कराया गया। डॉक्टर्स के अनुसार, दोनों घायलों की स्थिति नियंत्रण में है।
एसडीएम सुरेश जाधव और तहसीलदार ऋषिनारायण सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टर्स को बेहतर इलाज की हिदायत दी।
छात्र के पिता का पहले ही हो चुका निधन
नमन अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था। कुछ साल पहले उसके पिता का निधन हो गया था। उसकी मां और बड़े भाई उसकी परवरिश कर रहे थे। परिवार खटाई कस्बे में चाट और गोलगप्पे का ठेला लगाता है। नमन का बड़ा भाई प्रांजल आईटीआई में पढ़ता है। इस घटना से पूरा गांव शोक में डूब गया है