कमिश्नर ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से की खाद वितरण की समीक्षा
कमिश्नर ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से की खाद वितरण की समीक्षा

खाद वितरण की सुचारू व्यवस्था करें – कमिश्नर
सीधी 03 सितम्बर 2025
कमिश्नर रीवा संभाग बीएस जामोद ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के सभी जिलों में खाद वितरण तथा रोजगार मेले की तैयारियों की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि सभी कलेक्टर खाद वितरण की सुचारू व्यवस्था करें, जिससे किसानों को बिना किसी कठिनाई के खाद मिल सके। खाद की उपलब्धता, वितरण तथा सात दिनों में आने वाली खाद की रैक का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। जनप्रतिनिधियों तथा किसान संगठनों के प्रतिनिधियों को खाद वितरण के संबंध में वस्तुस्थिति से लगातार अवगत कराएं। डबल लाक सेंटर के साथ सहकारी समितियों के माध्यम से भी खाद का पर्याप्त वितरण सुनिश्चित करें। जिन केन्द्रों में बड़ी संख्या में किसान पहुंच रहे हैं वहाँ पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात कर व्यवस्थित वितरण कराएं। समितियों तथा डबल लाक से सुबह 7 बजे से खाद का वितरण शुरू करा दें। वितरण केन्द्रों में राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारी तैनात रखें। अधिक दाम पर खाद बेचने वालों तथा वितरण में गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कार्यवाही करें।
कमिश्नर ने कहा कि अक्टूबर माह के अंत में रीवा में रोजगार और स्वरोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री जी 50 हजार से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करेंगे। सभी जिले निर्धारित लक्ष्य के अनुसार शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों तथा निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त करने वालों की सूची तैयार कर लें। रोजगार मेले की तैयारियों के लिए जिला और विकासखण्ड स्तर पर शिविर लगाएं। विभिन्न योजनाओं के प्रकरण बैंकों में समय पर दर्ज कराकर उन्हें स्वीकृत कराएं। कमिश्नर ने कहा कि ईद-मिलादउन-नवी और अनंत चतुर्दशी में गणेश विसर्जन के लिए आवश्यक प्रबंध कर लें। नवरात्रि, दशहरे और दीवाली त्यौहारों के लिए भी प्रबंध कर लें। नवरात्रि में मैहर तथा दीपावली में चित्रकूट में लाखों श्रद्धालु आते हैं। इनके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं अभी से सुनिश्चित कर लें। शासन के निर्देशों के अनुसार रीवा, सीधी तथा सिंगरौली जिले के कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों का समर्थन मूल्य पर उपार्जन के लिए 22 सितम्बर से पंजीयन किया जाएगा। इसके लिए समय पर गिरदावरी करा लें। बाढ़ तथा अन्य प्राकृतिक आपदा से सभी जिलों में राहत राशि का वितरण कर दिया गया है। राहत राशि वितरण में देरी करने वाले अधिकारियों पर कार्यवाही करें।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग में एनआईसी केंद्र सीधी से कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने खाद वितरण एवं रोजगार मेले की तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंशुमन राज, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, उपखंड अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला, सिहावल प्रिया पाठक, मझौली आरपी त्रिपाठी, चुरहट शैलेश द्विवेदी, उपसंचालक कृषि राजेश सिंह चौहान तथा संबंधित अधिकारी उपस्थ्ति रहे।
समाचार क्रमांक 20-1526 फोटो क्रमांक 31-33
—————–