जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई आयोजित
भाईचारे एवं सदभावना के साथ त्योहारों को मनाएं – कलेक्टर
सिंगरौली 28 अगस्त 2025

कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला के अध्यक्षता में एवं पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट शुक्ला के द्वारा समिति के उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि हम सब मिलकर गत वर्ष के भांति इस वर्ष भी आने वाले त्यौहारों को शांति पूर्ण तरीके से भाईचारे के साथ मनाएं। कलेक्टर ने कहा कि मिलाद–उन–नवी एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन तथा विश्वकर्मा पूजा त्यौहारों का शांति पूर्ण आयोजन हो जिसके लिए बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार ही कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। निर्धारित किए गए समय पर मिलाद–उन–नवी त्यौहार की प्रभातफेरी होगी तथा निर्धारित रास्ते से ही वाहन रैली निकाली जाए। तथा गणेश प्रतिमा का विसर्जन चिन्हित किए गए स्थलों पर ही किया जाए। वहीं नगर निगम के अधिकारी को शहरी क्षेत्र के प्रमुख स्थलों पर साफ सफाई के साथ साथ विसर्जन स्थलों पर सुचारू रूप से व्यवस्था किए जाने का निर्देश दिया गया साथ ही विद्युत मंडल के अधिकारी को निर्देश दिए गए कि विद्युत व्यवस्था बनाए रखें। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को एम्बुलेंस दावा की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक के द्वारा उपस्थित सदस्यों से अपेक्षा की गई कि निर्धारित रास्तों से ही जुलूस एवं प्रतिमा विसर्जन की रैलियां भी निकली जाएं। साथ ही गणेश प्रतिमा के व्यवस्थापकों से अपेक्षा की गई कि अपने पंडालों में वालंटियरों को रात्रि में रोकें साथ ही विसर्जन रैली आदि के लिए अपने क्षेत्र अंतर्गत के लिए उपखंड मजिस्ट्रेट से निर्धारित समय पर अनुमति भी प्राप्त करें। त्यौहारों के आयोजन के दौरान फेसबुक व्हाट्सअप सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर विशेष नजर रखी जाए ताकि किसी भी प्रकार के अफवाहों को नियंत्रित किया जा सके। यदि किसी को आपत्ति जनक सूचना जो किसी व्यक्ति ,धर्म, संप्रदाय ,जाति के विरुद्ध या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की शंका प्राप्त होती है उससे किसी व्यक्ति को फॉरवर्ड न करें बल्कि ऐसी सूचनाओं के संबंध में जानकारी तत्काल संबंधित थाना प्रभारी को दे ताकि तत्काल कार्यवाही की जा सके । साथ ही प्रतिमा विसर्जन रैली के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने का संपूर्ण दायित्व आयोजक का होगा । वहीं रैली में छोटे बच्चे एवं किसी प्रकार की नशीले पदार्थों का सेवन कर शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों के भी सुझाव लिए गए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन, संयुक्त कलेक्टर संजीव पांडे, एसडीएम सृजन वर्मा, डिप्टी कलेक्टर माईकल तिर्की देवेन्द्र द्ववेदी,नंदन तिवारी, सीएसपी पुन्नू सिंह परस्ते, एसडीओपी मोरवा देवसर सहित जिला अधिकारी यातायात प्रभारी सहित समिति के सदस्य गण उपस्थित रहे ।