अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव ने कलेक्ट्रेट भवन का किया निरीक्षण
शाखाओं में व्यवस्था सुधार के दिए निर्देश, ई-ऑफिस व्यवस्था के पालन पर जोर

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
डिंडौरी :
नवागत अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव ने शुक्रवार को संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में संचालित विभिन्न विभागों एवं शाखाओं का निरीक्षण कर कार्य व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नजूल शाखा, भू-अभिलेखागार, रिकार्ड रूम, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग कार्यालय, खाद्य विभाग, रजिस्ट्री कार्यालय एवं तहसील कार्यालय का दौरा कर वहां की कार्यप्रणाली देखी और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
भू-अभिलेखागार में पदस्थ कर्मचारियों से रिकार्ड रूम की जानकारी लेते हुए अपर कलेक्टर ने सभी अभिलेखों की नकल लोक सेवा केंद्र के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी अभिलेखों और दस्तावेजों को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से संधारित करने की सलाह दी, ताकि आमजन को समय पर और सुगम सेवाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री यादव ने ई-ऑफिस व्यवस्था के सख्ती से पालन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस एक महत्वपूर्ण पहल है, जो सरकारी कामकाज को आधुनिक और डिजिटल स्वरूप प्रदान करेगी। इससे कागज रहित कार्यप्रणाली को बढ़ावा मिलेगा और शासन-प्रशासन में पारदर्शिता एवं कार्यकुशलता में वृद्धि होगी।
अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव ने सभी शाखाओं एवं कार्यालय परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने, साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था करने तथा रिकॉर्ड एवं दस्तावेजों को धूल-मिट्टी से सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित कार्यालय न केवल कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण प्रदान करता है बल्कि आने वाले नागरिकों के लिए भी सकारात्मक संदेश देता है।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री वैधनाथ वासनिक, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री राजेन्द्र कुमार जाटव, जनसंपर्क अधिकारी श्री चेतराम अहिरवार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को अपने-अपने विभागों में कार्य संस्कृति सुधारने, नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और समयसीमा में कार्य निपटाने के निर्देश भी दिए गए।