रामपुर नैकिन में सड़क हादसा : बाइक-स्कूटी की भिड़ंत में युवक की मौत, दो घायल,

सीधी। जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के कुआं गांव में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में स्कूटी सवार युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक सवार भाई-बहन घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, भितरी गांव निवासी रितेश पांडे अपनी बहन पुष्पा पांडे को दांत के डॉक्टर के पास ले जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी से टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी चालक संदीप पटेल निवासी बरिगवा गांव की मौके पर ही मौत हो गई। रितेश पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बहन को भी मामूली चोटें आईं।
राहगीरों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन ले जाया गया। रितेश की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया।
रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मीडिया को बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।