ग्राम पंचायत क्षेत्र बेलहा की आग उगलती समस्याओं को लेकर पंच एवं ग्रामीण कलेक्ट्रेट के सामने बैठेंगे भूख हड़ताल पर

सीधी- ग्राम पंचायतों में भ्रष्टाचारियों की बाढ़ हमेशा से उफान पर रहती है! लेकिन इस बाढ़ को रोकने में कामयाबी आखिरकार क्यों नहीं मिल पाती! आखिर में विकास को खा जाने वाले दैत्यों का बखूबी इलाज क्यों नहीं हो पता! विकराल समस्याओं से जूझते ग्राम पंचायत क्षेत्र बेलहा, तहसील बहरी के स्थानीय लोगों एवं पंचों द्वारा हमारे प्राइड इंडिया न्यूज़ संवाददाता से बात करते हुए आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत भवन का कभी ताला ही नहीं खुलता वह वीरान पड़ा हुआ है।
6 महीने बाद 15 अगस्त 2025 को ताला खुला भी तो कोई ठोस कार्यवाही ही नहीं हुई। यहां तक की स्वतंत्रता दिवस पर होने वाली ग्राम सभा भी नहीं की गई। जो शर्मनाक बात है। ध्वजारोहण में भी कई पदाधिकारी नदारद रहे। ग्राम पंचायत में लोगों की भारी ज्वलंत समस्याएं हैं लेकिन पटवारी, सचिव, रोजगार सहायक और सरपंच एक साथ बैठकर लोगों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के बारे में सोचते ही नहीं। आरोप है कि अधिकारी एवं संबंधित पंचायत के कर्मचारियों द्वारा किसी एकांत जगह पर बैठकर कागजी कार्यवाही पूर्ण कर आम जनता के साथ दगाबाजी कर दी जाती है।

समस्याओं से झुलसते लोगों ने बताया कि जमीन संबंधी, आवास संबंधी, लाडली बहना संबंधी, किसान कल्याणकारी योजना संबंधी, वृद्धा पेंशन तथा शौचालय संबंधी विकराल समस्याएं हैं। लेकिन मनमौजी ढंग की कार्यवाही से लोगों के विकास को घुन सा लग गया है। ग्राम पंचायत से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा काम की बात करने पर हितग्राहियों को धमकियां भी दी जाती हैं। उपरोक्त समस्याओं को लेकर ग्राम पंचायत क्षेत्र के ग्रामीण एवं पंचायत के पंचों द्वारा कहा गया है कि शीघ्र ही उनकी समस्याओं का निराकरण सक्षम अधिकारियों द्वारा नहीं किया गया तो कलेक्ट्रेट या फिर जिला पंचायत के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ जाने के लिए बाध्य होंगे।