ललितपुर: कोटेदार की दबंगई, घटतौली और मारपीट का मामला, पीड़ित कार्ड धारक द्वारा शिकायत कर की गई कार्रवाई की मांग,

0 2,227

ललितपुर जिले की मड़ावरा तहसील के ग्राम पंचायत बम्हौरी कला में कोटेदार शिव शंकर, स्वयं सहायता समूह के नाम से भारती देवी पत्नी देशराज, पर गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कोटेदार द्वारा राशन वितरण में तौल कांटा मशीन पर तसला रखकर प्रत्येक कार्डधारक को करीब 2 किलो 400 ग्राम राशन की घटतौली की जा रही है।

पीड़ित कार्डधारक सतेंद्र लोधी का आरोप है कि पिछले माह उनका फिंगर लगने के बावजूद राशन नहीं दिया गया। जब उन्होंने पुराने महीने का राशन और घटतौली रोकने की मांग की, तो गांव के कुछ दबंगों—पन्नी, प्रकाश, अजय, कृष्णपाल, शिब्बू (सभी पिता अमर सिंह)—ने उनकी पिटाई कर दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और वे बेहोश हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने घटतौली और मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। शिकायत मड़ावरा थाना में दर्ज कराई गई, लेकिन पीड़ित का कहना है कि न तो सुनवाई हुई, न ही कोटेदार के खिलाफ जांच हुई।

जिलाधिकारी को शिकायत के बाद मड़ावरा उपजिलाधिकारी मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कोटेदार के पास तीन तरह के तसले मिले, जिनमें वायरल वीडियो वाला तसला भी शामिल था। उसका वजन 1 किलो 200 ग्राम निकला, जिससे स्पष्ट हुआ कि 2 बार तौलने पर 2 किलो 400 ग्राम राशन की कटौती की जा रही थी। ग्रामीणों ने दुकान निरस्त कर अन्य कोटेदार से राशन वितरण की मांग की, लेकिन अब तक कोई विभागीय कार्रवाई नहीं हुई है।

पीड़ित का कहना है कि अगर उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए कोटेदार और संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे। उन्होंने प्रशासन से तत्काल दुकान निरस्त करने की मांग की है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment