Breaking News

कस्तूरबा गांधी छात्रावास अमिलिया में बवाल, छात्राओं का थाना में हंगामा, पूर्व वार्डन की नियुक्ति का विरोध

0 409

सीधी जिले के अमिलिया स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में शनिवार को विवाद ने तूल पकड़ लिया। छात्रावास की लगभग 50 छात्राएं स्कूल ड्रेस में अमिलिया थाना पहुंच गईं और वहीं रोने लगीं। छात्राओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पूर्व वार्डन ज्योत्सना पटेल को दोबारा नियुक्त किया गया, तो वे आंदोलन करेंगी और छात्रावास छोड़ देंगी।

छात्राओं ने आरोप लगाया कि पूर्व वार्डन ज्योत्सना पटेल कार्यकाल के दौरान पाइप और डंडों से पिटाई करती थीं और मानसिक उत्पीड़न भी करती थीं। छात्रा आसमा बेगम ने कहा, “किसी तरह हम उन्हें हटवा पाए थे, अब फिर से उनका आना पीड़ादायक होगा।”

बता दें कि बीते गुरुवार को वर्तमान वार्डन उर्मिला पटेल ने अपने दो वर्षीय बेटे के रोने पर छात्रा अंजू को थप्पड़ मार दिया था, जिससे वह बेहोश हो गई थी। इस घटना के बाद प्रशासन ने उर्मिला पटेल को हटा दिया, लेकिन अब उनकी जगह पूर्व वार्डन ज्योत्सना पटेल की संभावित वापसी से छात्राएं नाराज़ हैं।

अमिलिया थाने के एएसआई पुरुषोत्तम पाठक ने बताया, “यह मामला अब दो गुटों में बंट गया है। कुछ छात्राएं उर्मिला पटेल का समर्थन कर रही हैं, जबकि कुछ ज्योत्सना पटेल की वापसी का विरोध कर रही हैं। हमने सभी को समझा-बुझाकर वापस भेज दिया है। नियुक्ति का निर्णय जिला शिक्षा अधिकारी के स्तर का मामला है।”

इस बीच जिला शिक्षा अधिकारी पवन सिंह ने स्पष्ट किया है कि उर्मिला पटेल को हटा दिया गया है और जल्द ही नए वार्डन की नियुक्ति की जाएगी। वहीं, छात्राओं ने प्रशासन पर यह आरोप भी लगाया कि वे चुपचाप फिर से ज्योत्सना पटेल की वापसी की तैयारी कर रहे हैं। यदि ऐसा हुआ तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन और छात्रावास का बहिष्कार करेंगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment