बाडी सितुल, बनौली (देवसर विधानसभा) | सड़क न होने से ग्रामीणों की ज़िंदगी मुश्किल में, बच्चे स्कूल नहीं जा पाते |

देवसर विधानसभा के बनौली पंचायत अंतर्गत बाडी सितुल गांव आज भी बुनियादी सुविधा ‘सड़क’ से वंचित है। गांव तक पक्की सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गांव के लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। नन्हे-मुन्ने बच्चों का स्कूल पहुंचना मुश्किल हो जाता है। गांव की महिलाएं और बुजुर्ग भी आने-जाने में लाचार हैं। सबसे गंभीर स्थिति तब होती है जब कोई बीमार हो या प्रसव पीड़िता को अस्पताल ले जाना पड़े — ऐसे समय पर चारपाई ही एंबुलेंस बन जाती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच,विधायक और सांसद इस मूलभूत समस्या पर अब तक कोई ठोस ध्यान नहीं दे रहे हैं। उनका कहना है कि कई बार आवेदन, शिकायत और गुहार लगाने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिला है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द बाडी सितुल तक पक्की सड़क बनाई जाए ताकि वे भी देश के बाकी नागरिकों की तरह बुनियादी सुविधाओं का लाभ ले सकें।