जिला विकास समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न – सांसद ने दिए कई अहम निर्देश

जिला विकास समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न – सांसद ने दिए कई अहम निर्दे

0 446

 

सिंगरौली, 16 जुलाई।


कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने की। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, विधायक राम निवास शाह, राजेन्द्र मेश्राम, कुंवर सिंह टेकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष सोनम सिंह, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला सहित विभागीय अधिकारी व समिति सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत में कलेक्टर ने पिछली बैठक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद सांसद डॉ. मिश्रा ने एनएच-39 सड़क निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कटाव व गड्ढों की मरम्मत शीघ्र न होने पर संविदाकारों पर कार्रवाई के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाए।

विद्युत व्यवस्था पर जताई गंभीरता
सांसद ने बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि कृषि व घरेलू फीडरों को अलग कर ग्रामीणों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। वर्षा के दौरान ट्रांसफार्मर व क्षतिग्रस्त केबल की मरम्मत प्राथमिकता से कराई जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस
डॉ. मिश्रा ने निर्देश दिए कि वर्षा जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए जल स्रोतों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव हो। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जीवन रक्षक दवाओं का भंडारण सुनिश्चित किया जाए। जहां एक्स-रे टेक्नीशियन नहीं हैं, वहां आउटसोर्सिंग से पद भरें। साथ ही जहाँ चिकित्सक व नर्स की कमी है, वहां शीघ्र पदस्थापन हो।

जन-कल्याणकारी योजनाओं पर समीक्षा
नल-जल योजना की समीक्षा में सांसद ने पाइपलाइन की गुणवत्ता और तय समयसीमा में जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री जन-मन योजना के तहत बैगा बस्तियों में निर्माण कार्य समय पर पूर्ण कराने को कहा गया।

छात्रावासों और सड़क सुरक्षा पर चर्चा
राज्यमंत्री राधा सिंह ने छात्रावासों में स्वास्थ्य परीक्षण, क्षतिग्रस्त खिड़की-दरवाजों की मरम्मत और क्षमता अनुसार छात्रों की भर्ती सुनिश्चित करने को कहा। जलभराव वाले सड़कों की मरम्मत के साथ चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एन्टी वेनम दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में विधायकगण, जनप्रतिनिधियों व समिति सदस्यों ने भी विकास संबंधी अहम सुझाव रखे।

उपस्थित गण:
सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश, एएसपी अभिषेक रंजन, एसडीएम सृजन बर्मा, जनपद अध्यक्षगण, समिति सदस्य लालजी शाहू, मधु झा, सुरेन्द्र प्रताप सिंह बैस, विद्यया सागर तिवारी, सुनीता साकेत, मेघनाथ बैस, मोतीलाल प्रजापति समेत अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment