सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुँचे मंडल व जिले के आला अफसर, जनशिकायतों का मौके पर निस्तारण

0 387

संवाददाता: प्रवीन जैन | ललितपुर

शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जनसुनवाई को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर मंडलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक सहित तमाम आला अधिकारी ललितपुर जनपद की दूरस्थ तहसीलों में पहुँचे और जनशिकायतों की सुनवाई कर मौके पर ही उनका निस्तारण कराया।

जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने मड़ावरा तहसील में जनसुनवाई कर फरियादियों को भरोसा दिलाया कि हर समस्या का शीघ्र और संतोषजनक समाधान किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एक ही शिकायत बार-बार न आए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए और समाधान शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर हो।

बाल विवाह और शिक्षा पर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बाल विवाह बच्चियों के भविष्य के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि सभी लोग इस सामाजिक कुप्रथा को रोकने में सहयोग करें और बच्चों का स्कूलों में नामांकन अवश्य कराएं।

इसके साथ ही वन महोत्सव ‘‘एक पेड़ माँ के नाम-2.0’’ अभियान के तहत तहसील परिसर में वृक्षारोपण कर लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया।

इसी क्रम में तहसील तालबेहट में मंडलायुक्त झांसी बिमल कुमार दुबे एवं पुलिस उप महानिरीक्षक केशव कुमार चौधरी ने जनसुनवाई की। उन्होंने शेष प्रार्थना पत्रों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी गौतम सिंह, उप जिलाधिकारी मड़ावरा शैलेन्द्र चौधरी, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment