सिंगरौली मेरे दिल के सबसे करीब: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

रक्षाबंधन पर बहनों को 250 रुपये अतिरिक्त, दीवाली से हर माह 1500 रुपये, बरगवां-परसौना फोरलेन, सरई में SDM कार्यालय व 100 बिस्तरों के अस्पताल समेत 503 करोड़ के 54 विकास कार्यों की सौगात

0 4,081

 


सिंगरौली, 4 जुलाई 2025।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरई में आयोजित महिला सशक्तिकरण एवं आदिवासी गौरव सम्मेलन में सिंगरौली जिले को कई बड़ी सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने कहा,

“सिंगरौली नक्शे में भले भोपाल से दूर है, लेकिन मेरे दिल के सबसे करीब है। जिले के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।”

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 503 करोड़ रुपये की लागत के 54 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि बरगवां से परसौना तक फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। सरई में एसडीएम कार्यालय और 100 बिस्तरों का अस्पताल शीघ्र शुरू होगा। माड़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नत किया जाएगा।

महिलाओं को बड़ी सौगात:

मुख्यमंत्री ने बहनों के लिए लाड़ली बहना योजना में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों को 1250 रुपये के साथ 250 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे।
दीवाली से लाड़ली बहनों को हर माह 1500 रुपये की सहायता राशि मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी चुनावों में महिलाओं को 33% सीटें दी जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि लाड़ली लक्ष्मी योजना से प्रदेश की 51 लाख बेटियों को लाभ मिला है, जिनके लिए 672 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है।
महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 62 लाख बहनों को विभिन्न योजनाओं का आर्थिक लाभ मिला है।

 शिक्षा और युवाओं के लिए योजनाएं:

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 94 हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि प्रदान की गई है।
12वीं में 75% से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप दिया गया है।
पिछले दो वर्षों में 15 हजार विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की गई है।
कक्षा 6वीं और 9वीं के विद्यार्थियों को नि:शुल्क साइकिल भी दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु पूर्णिमा पर प्रदेशभर में स्कूल भवन, सड़कों और अन्य निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।

किसानों को राहत:

श्रीअन्न खरीदने पर किसानों को 1000 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त राशि मिलेगी।
प्रदेश में किसानों से गेहूं की खरीदी 2600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की गई, जो देश में सर्वाधिक है।

आदिवासियों को वनाधिकार पट्टे:

मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंगरौली में 9 हजार आदिवासी परिवारों को वनाधिकार पट्टे का लाभ दिया गया है।
जनजातीय समुदाय को विभिन्न योजनाओं से लगातार लाभ पहुंचाया जा रहा है।

जनहित के अन्य फैसले:

  • सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे के निर्माण में लापरवाही करने वाली एजेंसी का ठेका समाप्त कर दिया गया है। नई एजेंसी से जल्द कार्य प्रारंभ होगा।
  • प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र परिवारों का सर्वे कराया जा रहा है।
  • आयुष्मान भारत योजना से 5 लाख रुपये तक का नि:शुल्क उपचार मिल रहा है।
  • अंगदान करने वालों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का शुभारंभ करते हुए पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

सम्मेलन में गर्मजोशी से हुआ स्वागत:

मुख्यमंत्री का परंपरागत गुदुम बाजा और आदिवासी नृत्य से भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने लोक कलाकारों के साथ मादल पर थाप दी और कन्या पूजन कर बेटियों का सम्मान किया। उन्होंने श्रीअन्न और महुए से बने लड्डुओं का स्वाद भी लिया।

सम्मेलन में उपस्थित गणमान्य:

समारोह में प्रभारी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके, सांसद डॉ. राजेश मिश्र,  विधायक राजेंद्र मेश्राम, विधायक रामनिवास शाह, विधायक कुवर सिंह टेकाम, विधायक विश्वामित्र पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, पूर्व विधायक सुभाष रामचरित सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment