Breaking News

आपातकाल इतिहास का काला अध्याय, कांग्रेस ने लोकतंत्र का गला घोंटा: उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस की तानाशाही मानसिकता पर किया करारा प्रहार, कहा – देश फिर न देखे वो काली रात

0 237


प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का काला अध्याय बताया। भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस की इंदिरा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उस समय निर्दोष नेताओं, विद्वानों, लेखकों और पत्रकारों को बिना अपराध के जेलों में यातनाएं दी गईं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि –

> “ईश्वर से प्रार्थना है कि देश को फिर कभी ऐसा दिन न देखना पड़े। आपातकाल के विरोध में जिन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया, उन्हें मैं नमन करता हूं।”

 

कांग्रेस ने लोकतंत्र को कुचला, प्रेस की आज़ादी छिनी
श्री शुक्ल ने बताया कि इंदिरा गांधी ने अपने स्वार्थ और कुर्सी बचाने के लिए 90 से अधिक बार चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त किया, 75 बार संविधान में संशोधन किया और देश के तीनों स्तंभों – कार्यपालिका, व्यवस्थापिका और न्यायपालिका के अधिकार छीन लिए। उन्होंने कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता तक खत्म कर दी गई थी।

आपातकाल का कांग्रेस करे प्रायश्चित
शुक्ला ने कहा कि आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने जिस तरह से सज्जनों और राष्ट्रवादियों को जेल में बंद कर यातनाएं दीं, उसका प्रायश्चित उसे आज तक करना पड़ रहा है। कांग्रेस केवल एक परिवार की पार्टी है, जहां पहले व्यक्ति, फिर पार्टी और अंत में देश आता है। इसके विपरीत भाजपा राष्ट्रवादी पार्टी है, जहां राष्ट्र प्रथम की भावना सर्वोपरि है।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा –

> “जिन्हें संविधान की एबीसी तक नहीं आती, वे आज संविधान बचाने की बात कर रहे हैं। जनता अब कांग्रेस की कथनी और करनी को भलीभांति समझ चुकी है।”

 

भविष्य में न दोहराया जाए ऐसा अध्याय
उन्होंने जनता से अपील की कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमेशा सतर्क और जागरूक रहें, ताकि कोई भी तानाशाही प्रवृत्ति फिर कभी आपातकाल जैसा कृत्य करने की हिम्मत न कर सके।

कार्यक्रम में ये रहे शामिल
इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक कुंवर सिंह टेकाम, विधायक विश्वामित्र पाठक, भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान, इंद्र शरण सिंह चौहान, के.के. तिवारी, सुरेंद्र मणि दुबे, डॉ. मनीला सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment