सीधी जिला अंतर्गत थाना चुरहट का वार्षिक निरीक्षण संपन्न – एसपी डॉ. रविंद्र वर्मा ने दिए सख्त निर्देश, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित।

सीधी से विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट,
सीधी पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा द्वारा दिनांक 23 जून 2025 को थाना चुरहट का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली, थाने के समस्त स्टाफ से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनकी व्यक्तिगत व विभागीय समस्याएं जानकर उनके त्वरित निराकरण हेतु निर्देश दिए।
थाने की शाखाओं का गहन निरीक्षण:
एसपी द्वारा मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, विवेचक कक्ष, शिकायत शाखा, सीसीटीएनएस, समंस-वारंट शाखा, तथा VCNB रजिस्टर सहित थाने में संधारित समस्त रजिस्टरों का अवलोकन किया गया। उन्होंने राजनीतिक, सामाजिक एवं भौगोलिक स्थिति का विवरण VCNB रजिस्टर में स्पष्ट रूप से दर्ज करने की टीप लगाई और माइक्रो बीट रजिस्टरों को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए,
निरीक्षण के दौरान दिए गए प्रमुख निर्देश:
1. लंबित शिकायतों, मर्ग, अपराधों और चालानों का समयबद्ध निराकरण किया जाए।
2. गुंडा/निगरानी बदमाशों की सरप्राइज चेकिंग कर उनका विस्तृत विवरण तैयार किया जाए।
3. नए निगरानी बदमाशों की फाइलें बनाई जाएं।
4. गंभीर अपराधों के आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु ठोस कार्रवाई हो।
5. E-साक्ष्य एवं E-रक्षक ऐप का विवेचना में उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाए।
6. अवैध रेत परिवहन, शराब, जुआ-सट्टा, मादक पदार्थ (गांजा, स्मैक, कोरेक्स) के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए।
7. धार्मिक स्थलों, बैंकों एवं एटीएम की नियमित चेकिंग एवं सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की कार्यवाही सुनिश्चित हो।
8. रात्रि गश्त प्रभावी करते हुए चोरी, नकबजनी की घटनाओं पर नियंत्रण रखें।
9. कालाबाजारी, सूदखोरी, मिलावटखोरी व जमाखोरी पर कठोर कार्रवाई की जाए।
10. मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई के साथ जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाए।
11. माइक्रो बीट सिस्टम को सक्रिय रखा जाए, बीट प्रभारी लगातार क्षेत्र भ्रमण करें।
12. वर्षा ऋतु को देखते हुए संवेदनशील स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं व स्थानीय निवासियों को सतर्क किया जाए।
13. सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के समयबद्ध निराकरण हेतु जिला सीधी की वर्तमान श्रेष्ठ स्थिति बनाए रखने हेतु अधिकारियों की सराहना की गई।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान:
निरीक्षण के पश्चात पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा ने ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मियों को होने वाली समस्याएं जानकर उनके समाधान की दिशा में पहल की। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव, एसडीओपी चुरहट श्री आशुतोष द्विवेदी, थाना प्रभारी चुरहट निरी. दीपक बघेल, एसपी रीडर उप निरीक्षक आकाश राजपूत, स्टेनो उप निरीक्षक अभिषेक अग्निहोत्री, थाना प्रभारी सेमरिया उप निरी. केदार परौहा सहित समस्त थाना बल उपस्थित रहा।