जिला अस्पताल में हंगामा: सर्पदंश से महिला की मौत के बाद परिजनों का बवाल, डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप,

सीधी से विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट,
सीधी। जिले के ग्राम मूर्तिहा निवासी महिला सुखवंती तिवारी की गुरुवार को सर्पदंश (सांप काटने) से मौत हो गई। इलाज के दौरान जब डॉक्टरों ने मौत की सूचना परिजनों को दी, तो परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा, तोड़फोड़ व डॉक्टरों से धक्का-मुक्की की।
स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टरों ने इलाज कार्य बंद कर दिया और तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हालात को काबू में लेते हुए दो लोगों पर मामला दर्ज किया और स्थिति सामान्य कराई।
परिजनों ने जिला अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर सही इलाज और दवाइयां नहीं मिलीं, जिससे सुखवंती की मौत हुई। वहीं, अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए गए कि मेडिकल सुविधाओं की भारी कमी है।
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. एस.बी. खरे ने बताया कि “सुखवंती तिवारी को तुरंत इलाज दिया गया, लेकिन ज़हर पहले ही शरीर में फैल चुका था, जिससे उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।”
घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच और दोषियों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस की ओर से परिजनों को समझा-बुझाकर माहौल शांत कराने की कोशिश की जा रही है।