अवैध शराब माफिया के सामने नतमस्तक विभाग – ‘सुविधा शुल्क’ में धंसी व्यवस्था!

0 529

सीधी में खुलेआम बिक रही जहरीली शराब, जिम्मेदार आंख मूंदे बैठे – सोम ग्रुप के ठेकेदारों पर संरक्षण के गंभीर आरोप

प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी।

सीधी जिले में इन दिनों अवैध शराब का कारोबार अपने चरम पर है। खासतौर पर नगर के कोतवाली क्षेत्र और जमोड़ी थाना अंतर्गत इलाकों में अवैध शराब की खुलेआम बिक्री हो रही है। आरोप है कि कोतवाली क्षेत्र में संचालित सोम ग्रुप के शराब ठेकेदारों के आगे आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन भी नतमस्तक नज़र आ रहा है।

स्थिति यह है कि विभागीय अधिकारी कार्रवाई करने से परहेज़ कर रहे हैं, जिससे अवैध शराब कारोबारियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। विभाग की इसी लापरवाही के चलते न सिर्फ नगर क्षेत्र बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी शराब की अवैध बिक्री धड़ल्ले से की जा रही है।

लाइसेंस की आड़ में मनमानी, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो,

जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से लाइसेंसी शराब ठेकेदारों द्वारा नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। पैकारियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और सरकारी दुकानों से घंटों-घंटों शराब की खेप मोटरसाइकिलों पर भरकर अवैध रूप से बेची जा रही है। इन गतिविधियों के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी ‘सुविधा शुल्क’ के एवज में आंख मूंदे बैठे हैं।,

सोम ग्रुप पर गंभीर आरोप, किराना दुकानों तक फैला नेटवर्क,

सूत्रों के मुताबिक सोम ग्रुप के ठेकेदारों द्वारा कुचवाही, देवघटा सहित कई स्थानों पर किराना दुकानों और अन्य स्थानों से भी शराब बेची जा रही है। बताया जाता है कि ठेकेदारों ने अधिक मुनाफा कमाने के लिए खुद ही कई अवैध पैकारियां खुलवा रखी हैं। पुलिस और आबकारी विभाग को इन गतिविधियों की पूरी जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि बीट प्रभारी से लेकर उच्च अधिकारियों तक को इसका हिस्सा पहुंचता है, जिससे पूरा सिस्टम ही भ्रष्टाचार की चपेट में है।

पुलिस-आबकारी की सांठगांठ पर सवाल, युवा हो रहे बर्बाद,

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह कोई नई बात नहीं है कि अवैध शराब के धंधे में पुलिस और आबकारी विभाग का भी हिस्सा होता है। यही कारण है कि जगह-जगह खुली अवैध शराब की दुकानें युवाओं को नशे की ओर धकेल रही हैं और क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं भी बढ़ रही हैं। लेकिन संबंधित विभाग पूरी तरह चुप्पी साधे हुए हैं।

आश्वासन बनाम हकीकत – कार्रवाई सिर्फ कागज़ों में,

आबकारी अधिकारी संतोष सिंह कुशवाह द्वारा पूर्व में कई बार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, लेकिन हकीकत में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनके कार्यकाल में अवैध शराब की बिक्री और भी ज्यादा बढ़ी है। सूत्रों के अनुसार अधिकारी न तो निरीक्षण करते हैं और न ही ठेकेदारों पर किसी प्रकार की सख्ती बरतते हैं। वहीं दुकानों में बिना रेट लिस्ट चस्पा किए मनमाने दाम पर शराब बेची जा रही है।

जनता की मांग – तुरंत हो कार्रवाई, खत्म हो शराब माफिया का संरक्षण,

क्षेत्रीय नागरिकों ने मांग की है कि सोम ग्रुप सहित अन्य ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए और अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगे। लोगों का कहना है कि यदि अब भी जिम्मेदार नहीं जागे तो युवा पीढ़ी पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी और अपराध की दर लगातार बढ़ती जाएगी।

(रिपोर्ट: प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment